Wednesday, May 13

जन समस्याओं के त्वरित निपटारे के लिए आदापुर में ‘सहयोग शिविर’ की तैयारी तेज, डीडीसी ने कमान संभाली

आदापुर।(Vor desk)। आदापुर प्रखंड की आंधरा और मझरिया पंचायत के ग्रामीणों की समस्याओं का अब उनके घर के पास ही समाधान होगा। आगामी 19 मई को आयोजित होने वाले विशेष ‘सहयोग शिविर’ को लेकर प्रशासनिक सुगबुगाहट तेज हो गई है। इसी सिलसिले में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार ने प्रखंड कार्यालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के तहत जिलाधिकारी ने डॉ. कुमार को इस पूरे आयोजन के लिए नोडल पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है, जिससे यह स्पष्ट है कि प्रशासन इस बार शिकायतों के निपटारे को लेकर बेहद गंभीर है।
बैठक के दौरान डीडीसी ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर का उद्देश्य महज आवेदन जमा करना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि हर समस्या का समाधान करने के बाद उसकी एक प्रति संबंधित लाभुक को अनिवार्य रूप से दी जाए और पूरे डेटा को सेवा समाधान पोर्टल पर तत्काल अपलोड किया जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए पटना से आए सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी पदाधिकारी जयंत जयसवाल भी मौजूद रहे, जिन्होंने रक्सौल अनुमंडल स्तर पर होने वाले इन शिविरों की रूपरेखा पर चर्चा की। इस महत्वपूर्ण बैठक में बीडीओ, सीओ और पंचायत राज पदाधिकारी सहित स्थानीय सचिवों की उपस्थिति रही, जिन्हें शिविर की सफलता के लिए घर-घर तक सूचना पहुँचाने की जिम्मेदारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!