
रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी की 47वीं वाहिनी और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने सतर्कता का परिचय देते हुए एक नाबालिग लड़की को तस्करों के चंगुल से सुरक्षित बचा लिया है। यह कार्रवाई रक्सौल के सिवान टोला स्थित एसएसबी चेक पोस्ट के पास उस समय हुई, जब एक युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर सीमा पार नेपाल ले जाने की फिराक में था। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में एसएसबी के साथ प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर, एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (AVA) और स्वच्छ संस्था ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पकड़े गए आरोपी की पहचान पूर्वी चंपारण के पालनवा थाना क्षेत्र निवासी चमन कुमार के रूप में हुई है, जबकि 13 वर्षीय पीड़ित किशोरी पश्चिम चंपारण के नौतन थाना क्षेत्र की रहने वाली है।
घटना के संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार, आरोपी चमन कुमार पिछले छह महीनों से किशोरी के संपर्क में था। उनकी पहली मुलाकात तब हुई थी जब लड़की पालनवा में अपने एक रिश्तेदार के घर गई थी। आरोपी ने किशोरी की मासूमियत का फायदा उठाते हुए पहले उससे दोस्ती की और फिर शादी का झांसा देकर उसका विश्वास जीत लिया। साजिश के तहत 28 अप्रैल 2026 की रात आरोपी उसे घर से भगा ले गया और किसी को शक न हो, इसके लिए उसने झूठी शादी का नाटक भी किया। 29 अप्रैल को जब वह लड़की को लेकर नेपाल में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था, तभी सुरक्षा बलों ने संदेह के आधार पर उन्हें रोक लिया।
कौंसलिंग और पूछताछ के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, जिससे स्पष्ट हो गया कि यह प्रेम प्रसंग नहीं बल्कि तस्करी की एक सुनियोजित साजिश थी। इसके बाद एवीए के सहायक परियोजना अधिकारी शिव पूजन कुमार की शिकायत पर हरैया थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी (कांड संख्या 61/26) दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सफल अभियान में एसएसबी के सहायक उपनिरीक्षक खेमराज, हवलदार अरविंद द्विवेदी, सिपाही मुकेश कुमार, नीतू कुमारी और अंजनी मधेशिया की सक्रियता सराहनीय रही।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिनमें प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर की जिला परियोजना समन्वयक आरती कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता राज गुप्ता, अजय कुमार, स्वच्छ संस्था के रंजीत सिंह और साबरा खातून शामिल थे। सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि वे मानव तस्करी जैसे अपराधों को रोकने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं और आने वाले दिनों में निगरानी और अधिक सख्त की जाएगी ताकि कोई भी अपराधी मासूमों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न कर सके।
