
रक्सौल।(Vor desk)।
रक्सौल पुलिस ने अवैध नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 280 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक युवक अपने घर से गांजा बेचने का धंधा चला रहा है।थानाध्यक्ष हेमंत सिंह ने बताया कि लक्ष्मीपुर क्षेत्र में एक युवक द्वारा घर से गांजा का अवैध कारोबार संचालित किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया।अनुमंडल दंडाधिकारी रवि कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की योजना बनाई और कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी टीम में एसआई कृष्ण मुरारी, जितेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।टीम ने प्रखंड क्षेत्र के धनगढ़वा कौड़ीहार पंचायत अंतर्गत छोटा कौड़ीहार वार्ड संख्या-2 स्थित बिनोद सहनी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर से 280 ग्राम गांजा बरामद किया गया।मौके पर मौजूद बिनोद सहनी के पुत्र अजय कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले कुछ समय से गांजा बेचने के अवैध धंधे में संलिप्त था। इसके बाद पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष हेमंत सिंह ने बताया कि बरामद गांजा जब्त कर लिया गया है और आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे धंधों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध नशा कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
