Thursday, April 23

रक्सौल बॉर्डर पर पुलिस और एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: बोलेरो के तहखाने से भारी मात्रा में गांजा बरामद

रक्सौल।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण जिला पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रक्सौल के हरैया थाना की पुलिस और एसएसबी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कस्टम चौक के पास से एक बोलेरो गाड़ी के भीतर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।

​घटना के संबंध में बताया गया है कि 15 अप्रैल 2026 को हरैया पुलिस और एसएसबी के जवान कस्टम चौक के समीप सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान नेपाल की ओर से मैत्री ब्रिज पार कर एक बोलेरो (रजिस्ट्रेशन नंबर- BR10 P7265) रक्सौल की तरफ आती दिखी। पुलिस टीम को सामने देख तस्करों में हड़कंप मच गया और चालक अपनी गाड़ी को बीच सड़क पर ही छोड़कर नेपाल बॉर्डर पार कर भागने में सफल रहा।

​संदिग्ध वाहन की तलाशी के लिए तुरंत राजस्व अधिकारी सह दंडाधिकारी को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में जब बोलेरो की बारीकी से जांच की गई, तो अधिकारी और पुलिस बल दंग रह गए। तस्करों ने गांजे की खेप छिपाने के लिए बोलेरो की सीट के नीचे एक विशेष गुप्त तहखाना बना रखा था। इस तहखाने से प्लास्टिक में लिपटे कुल दो पैकेट बरामद किए गए, जिनका वजन करने पर कुल 5.485 किलोग्राम गांजा पाया गया।

​पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मादक पदार्थ और प्रयुक्त बोलेरो को जब्त कर लिया है। इस मामले में हरैया थाना में कांड संख्या 55/26 दर्ज कर तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। इस सफल छापेमारी दल का नेतृत्व हरैया थानाध्यक्ष पु०अ०नि० किशन कुमार पासवान कर रहे थे, जिसमें पु०अ०नि० बिरेन्द्र कुमार आजाद, गृह रक्षक अजय प्रसाद, जोखिन सिंह और एसएसबी की 47वीं वाहिनी पन्तोका की टीम शामिल थी। स्थानीय पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!