Thursday, April 23

भारतीय सहयोग से संवरेगा बारा का शैक्षिक भविष्य: महावाणिज्यदूत ने किया विद्यालय के नए भवनों का शिलान्यास


​वीरगंज (नेपाल)।(Vor desk)। भारत-नेपाल मैत्री संबंधों की मजबूती और विकास साझेदारी की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बारा जिले के प्रसौनी में आधुनिक शैक्षिक बुनियादी ढांचे की नींव रखी गई है। सोमवार को नेपाल-भारत विकास सहयोग कार्यक्रम के तहत प्रसौनी गाउँपालिका-2 स्थित श्री बेंगा साह माध्यमिक विद्यालय एवं पुस्तकालय भवन के निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ हुआ। वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीना और प्रसौनी गाउँपालिका के अध्यक्ष बिनोद प्रसाद जैसवाल ने संयुक्त रूप से इस परियोजना का शिलान्यास किया।


​4 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक परिसर


भारत सरकार की ‘उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना’ (HICDP) के तहत इस निर्माण पर लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना के अंतर्गत तीन मंजिला दो अलग-अलग भवनों का निर्माण होगा। इसमें 12 नए और बड़े क्लासरूम के अलावा एक आधुनिक कैंटीन, भोजनालय, समृद्ध पुस्तकालय और छात्रों के तकनीकी ज्ञान के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटर एवं विज्ञान प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। वर्तमान में इस विद्यालय में करीब 2400 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जिनके लिए यह नया परिसर वरदान साबित होगा।


​शिक्षा और स्वास्थ्य में भारत का निरंतर साथ


शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीना ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में भारत सरकार नेपाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। उन्होंने बताया कि मधेश प्रदेश में अब तक भारत सरकार द्वारा 87 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 61 का कार्य पूर्ण हो चुका है। विशेष रूप से बारा जिले में स्वीकृत 4 परियोजनाओं में से 3 पूरी हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, भारत सरकार ने पूरे नेपाल में अब तक 1049 एम्बुलेंस और 381 स्कूल बसें उपहार स्वरूप दी हैं, जिनमें से बारा जिले को 40 एम्बुलेंस और 6 स्कूल बसें मिली हैं।


​गाउँपालिका अध्यक्ष ने जताया आभार


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रसौनी गाउँपालिका के अध्यक्ष बिनोद प्रसाद जैसवाल ने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए भारत सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह नया भवन न केवल विद्यालय की सूरत बदलेगा, बल्कि स्थानीय बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का शैक्षिक वातावरण भी प्रदान करेगा। उन्होंने प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य को समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
​इस गरिमामयी समारोह में गाउँपालिका उपाध्यक्ष किरण देवी साह, प्रमुख प्रशासकीय अधिकारी नवीन कुमार श्रीवास्तव, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि नए भवनों के निर्माण से क्षेत्र के शैक्षिक ग्राफ में बड़ा उछाल आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!