
मोतिहारी/रक्सौल।(Vor desk)। मोतिहारी में हुई हालिया जहरीली शराब त्रासदी के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। रविवार की शाम रक्सौल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए धनगढ़वा कौड़ीहार पंचायत के भगवानपुर स्थित दलित बस्ती में चल रहे अवैध शराब निर्माण के खेल का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस त्वरित छापेमारी में पुलिस ने न केवल तैयार चुलाई शराब बरामद की, बल्कि करीब 200 लीटर अर्धनिर्मित शराब (पाश) को भी मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया।
थानाध्यक्ष सह आईपीएस हेमंत सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें उक्त क्षेत्र में अवैध शराब बनाए जाने की सटीक जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए चिन्हित स्थान पर दबिश दी। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। बरामद अर्धनिर्मित शराब को तुरंत नष्ट करने का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि इसका दोबारा उपयोग कर जहर न परोसा जा सके। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात कारोबारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया जा रहा है।
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अब किसी भी ढिलाई के मूड में नहीं है। थानाध्यक्ष हेमंत सिंह ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब के सिंडिकेट को पूरी तरह ध्वस्त करना पुलिस का प्राथमिक लक्ष्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण या तस्करी में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसे अभियानों की तीव्रता और बढ़ाई जाएगी।
इस विशेष छापेमारी अभियान का नेतृत्व स्वयं थानाध्यक्ष कर रहे थे, जिनके साथ अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार, एसआई कुशलेश पांडेय, कृष्ण मुरारी, अनीता सिन्हा और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे। स्थानीय पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि वे ऐसे अवैध धंधों की जानकारी साझा करें ताकि समाज को शराब के जहर से मुक्त रखा जा सके।
