Thursday, April 23

उड़ान भरते नन्हे सपने: ग्रो जीनियस प्ले स्कूल का तृतीय वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न

रक्सौल।(Vor desk)। शहर के पंकज टॉकीज हॉल में शनिवार को ग्रो जीनियस प्ले स्कूल का तृतीय वार्षिकोत्सव ‘उड़ान’ थीम के साथ अत्यंत उत्साह, उमंग और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया, जिससे पूरा सभागार देर तक तालियों की गूँज से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि रक्सौल एसडीएम मनीष कुमार, अवर निबंधक आशीष अग्रवाल, नगर परिषद की कार्यकारी सभापति पुष्पा देवी, श्री सत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर के सचिव कैलाश चंद काबरा, श्रीमती गरिमा, श्रीमती सुप्रिया डोलिरिया, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की अध्यक्षा सोनू काबरा, महिला एवं बाल विकास प्रमुख वीणा गोयल, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, पंकज बरनवाल, अजय कुमार तथा विद्यालय की निर्देशिका शिखा रंजन द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रगान और शारदा कला केंद्र की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। निर्देशिका शिखा रंजन ने सभी अतिथियों को पौधे भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

​वार्षिकोत्सव के दौरान बच्चों ने रेट्रो नृत्य, स्टोरी टेलिंग, नारी शक्ति पर आधारित नाटक, योग, नेपाली नृत्य और ‘आरंभ है प्रचंड’ जैसे ऊर्जावान गीतों पर शानदार प्रदर्शन किया। विशेष आकर्षण के रूप में पिता-पुत्री और पिता-पुत्र के नृत्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। ‘उड़ान’ थीम के माध्यम से बच्चों ने अपने सपनों को साकार करने का संदेश दिया, जिसकी सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की। इस मौके पर एसडीएम मनीष कुमार ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव होती है और ऐसे सांस्कृतिक आयोजन उनके सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को निखारने में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने विद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारों की प्रशंसा की।

​समारोह के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच का सफल संचालन नेहा कुशवाहा एवं अदिति शाह ने किया। अंत में निर्देशिका शिखा रंजन ने सभी अतिथियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दोहराया कि विद्यालय का मूल उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ बेहतर संस्कार देना है ताकि वे जीवन की हर ऊँचाई को छू सकें। इस भव्य आयोजन में रजनीश प्रियदर्शी, अमित उपाध्याय, गोपाल काबरा, अनुराधा शर्मा, ज्योतिराज गुप्ता, डांसर रंजन कुमार सहित स्कूल की शिक्षिकाएं पायल, अलका, शिवानी, अनु, संजना, ऋतिका, सुहाना, साक्षी, आकृति, अदिति और नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!