
आदापुर (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। सोशल मीडिया पर रसूख दिखाने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से हथियार के साथ फोटो डालना एक युवक को महंगा पड़ गया। आदापुर थाना पुलिस ने फेसबुक और व्हाट्सएप पर अवैध कट्टे के साथ फोटो वायरल होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के उन असमाजिक तत्वों में हड़कंप है जो सोशल मीडिया को हथियारों के प्रदर्शन का जरिया बनाते हैं।
तफ्तीश के बाद झिटकहियाँ में छापेमारी
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक युवक का कट्टा लहराते हुए फोटो तेजी से वायरल हो रहा था। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने वायरल फोटो की तकनीकी जांच की और युवक की पहचान स्थापित की। आरोपी की पहचान आदापुर थाना क्षेत्र के झिटकहियाँ निवासी विकेश कुमार यादव उर्फ विकास (पिता राज किशोर राय) के रूप में हुई। पहचान सुनिश्चित होने के बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे हिरासत में ले लिया।
हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने फोटो में दिख रहे हथियार (कट्टा) के अपने पास होने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस को अभी तक हथियार बरामद करने में सफलता नहीं मिली है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी ने कट्टा कहीं छिपा दिया है, जिसे बरामद करने के लिए लगातार छापेमारी और सघन पूछताछ की जा रही है।
कानून का कड़ा संदेश
पुलिस ने आम लोगों और युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ या अवैध सामग्री पोस्ट न करें। पुलिस की आईटी सेल लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रही है और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। फिलहाल, आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
