Saturday, March 7

नेपाल चुनाव: पर्सा में प्रशासन की सख्ती, सीमावर्ती इलाकों से 20 भारतीय मोटरसाइकिलें जब्त

बीरगंज/रक्सौल। नेपाल के पर्सा जिले के ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्थानीय प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद सड़कों पर दौड़ रही 20 भारतीय नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। यह कार्रवाई आगामी 5 मार्च (फागुन 21 गते) को होने वाले चुनावों के मद्देनजर की गई है।

​जिला सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, चुनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए 2 मार्च (18 फागुन) से लेकर मतदान के दिन 5 मार्च की मध्यरात्रि 12:00 बजे तक पूरे पर्सा जिले में भारतीय नंबर प्लेट वाले वाहनों के संचालन पर पूर्ण रोक लगाई गई है। इस आदेश का उल्लंघन करते हुए पाए जाने पर इलाका पुलिस कार्यालय पोखरिया ने गश्त के दौरान विभिन्न स्थानों से इन वाहनों को जब्त किया।

​इलाका पुलिस कार्यालय पोखरिया के पुलिस निरीक्षक प्रदीप पौडेल ने जानकारी दी कि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जारी किए गए आधिकारिक आदेश की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। जब्त की गई सभी 20 मोटरसाइकिलों को फिलहाल पोखरिया थाने में रखा गया है। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और सीमा पार से आने वाले लोगों से अपील की है कि वे चुनाव के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन के निर्णयों और कानूनों का पूरी तरह पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!