
रक्सौल।(Vor desk)। बिहार के पूर्वी चंपारण में एनडीए को बड़ा झटका लगा है।पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद ने जद यू से इस्तीफा दे दिया है।उन्होंने मंगलवार को पार्टी के प्राथमिक सदस्य और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है।दोपहर उन्होंने राजधानी पटना स्थित सदाकत आश्रम कांग्रेस कार्यालय में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता भी ले ली है।नवरात्री के अवसर पर बिहार कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कृष्णा अलावरू , बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष जीतेन्द्र गुप्ता के समक्ष उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की ।सदस्यता लेने के बाद मुलाकात में राज्यसभा सदस्य सह पूर्व पार्टी अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और लोकसभा सदस्य पप्पू यादव ने भी श्री प्रसाद को शुभकामनाएं दी।

यह इस्तीफा इसलिए भी चर्चा में आ गया क्योंकि,मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चंपारण के विभिन्न कार्यक्रम और सभा कर रहे हैं।पूर्व कैबिनेट मंत्री और शेर ए उत्तर बिहार कहे जाने वाले स्व.ब्रिज बिहारी प्रसाद के अनुज श्याम बिहारी के इस्तीफा और कांग्रेस ज्वाइन करने को एनडीए के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।


श्याम बिहारी वैश्य समाज से आते हैं और उनका रक्सौल से विधान सभा चुनाव लड़ने की चर्चा तेज है।श्री प्रसाद नरकटिया विधान सभा क्षेत्र के पूर्व विधायक हैं।वे रक्सौल से निर्दलीय चुनाव भी लड़ चुके हैं।यदि रक्सौल विधान सभा क्षेत्र से वे कांग्रेस से चुनाव लड़ते हैं,तो,सियासी घमासान मचना तय माना जा रहा है।कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद श्री प्रसाद ने यही कहा कि रक्सौल विधानसभा की जनता और मेरे कार्यकर्ताओ की मांग पर मैने यह कदम उठाया है।
हालाकि,कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद टिकट के उम्मीदवारी में जुटे महागठबंधन नेताओं में बेचैनी बढ़ गई है।पूर्व मंत्री श्री प्रसाद के निकटम शशिभूषण सिंह ने कहा है कि जल्द ही पता खुलेगा, जो होगा वह रक्सौल के भविष्य के लिए सुखद होगा।
