Thursday, April 23

‘हचाड़’ में हुआ एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन,नहीं पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव,सांसद डा.संजय जायसवाल को बदलना पड़ा कुर्ता- पैजामा!

रक्सौल।(Vor desk)।जनता दल यू के पूर्व जिलाध्यक्ष भुवन पटेल के जनसुराज में शामिल होने के बाद रक्सौल में सियासी सरगर्मी तेज है।भाजपा ने डैमेज कंट्रोल प्लान शुरू कर दिया है।जिस दिन श्री पटेल जनसुराज में शामिल हुए,उसी दिन एनडीए की बैठक विधायक आवास पर हुई।इसके बाद मंगलवार को एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ।संयोग ऐसा रहा कि इस सम्मेलन के लिए पहली तिथि 11सितंबर को तय हुई ,जिसे बारिश के कारण रद्द कर दिया गया।दूसरी तिथि16सितंबर निर्धारित हुआ,जिसके तहत यह कार्यक्रम बारिश के बाद भी हुआ।दोनो में भाजपा के बड़े नेता के आने के बारे में खूब प्रचार प्रसार हुआ।पहले कार्यक्रम में फायरब्रांड नेता सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के आने की चर्चा थी,लेकिन,कार्यक्रम ही रद्द कर दिया गया।इस बार पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव के आगमन के बारे में प्रचारित था,लेकिन,वे नहीं पहुंचे।समझा जा रहा है कि यदु बंशी वोट बैंक को रिझाने के लिए उनका कार्यक्रम लिया गया था,लेकिन, आगमन नहीं होने से खेमे में मायूसी ही दिखी।जबकि,एनडीए के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भीड़ जुटान की खूब कोशिश की गई थी,लेकिन,जिस जद यू की ओर से मजबूती चाहिए थी,उसके लिए राज्य स्तरीय छवि वाला कोई नेता नहीं पहुंच सका।

वैसे,हरैया स्थित आईसीपी रोड किनारे मंगलवार को बारिश से भींगे पंडाल और लबालब पानी और कीचड़ से जमीन पर लगभग छह इंच पानी के बीच कुर्सियां लगी थी,जोर आजमाइश से बुलाए गए महिला और पुरुष कार्यकर्ता पंडाल से लेकर सड़क तक भाषण सुनने के लिए जमे दिखे। हालांकि,पंडाल में हालत विपरीत थी,बावजूद,आवाजाही होती रही,जब क्षेत्रीय सांसद सह भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा संजय जायसवाल पहुंचे,तो उनके जूते भीग गए ,जिसे उन्होंने मंच पर ही खोल दिया। संबोधन करते करते वे मंच से नीचे उतरे और कीचड़ के बीच रक्सौल में फिर से कमल खिलाने की अपील की।

सम्मेलन में जद यू जिलाध्यक्ष ने की अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिला अध्यक्ष मंजू देवी ने की जबकि मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री अजय पटेल ने किया।

सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने बोला लालू तेजस्वी पर हमला,कहा फिर बनेगी नीतीश सरकार!


सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने मंच से उतर कर कीचड़ में खड़े हो कर हाथ जोड़ कर संबोधन किया और कार्यकर्ताओं से कमल खिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता अपने घर में भी कीचड़ में नहीं रहे होंगे ,उन्होंने यहां कादो के बीच विषम परिस्थितियों में भी पंडाल को भरकर एनडीए को अपनी ताकत दिखाई है।आप लोगों के हिम्मत से ही एनडीए का हिम्मत है।इसी का नतीजा है कि भारतीय जनता पार्टी लगातार 20वर्ष से चुनाव जीत रही है।उन्होंने कहा कि जिसको भी विकसित बिहार, नया बिहार ,अच्छा बिहार बनाना है,सभी एनडीए के साथ हैं।,जिनको डुबाना है,खराब करना है,वो महागठबंधन के साथ हैं।लालू यादव के बेटा कभी मुख्य मंत्री नहीं बनेंगे।उनके घोटाले से सब लोग परिचित हैं।उन्होंने कहा कि बिहार में2025में फिर नीतीश कुमार की ही सरकार बनेगी,यह जनता का फैसला है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिना गारंटी के दिए गए छात्र शिक्षा ऋण पर ब्याज माफ करने का निर्णय लिया गया है, जो शिक्षा जगत में एक ऐतिहासिक कदम है। साथ ही घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का भी प्रावधान किया गया है,जो पैसे और बिना पैसे वाले सभी लोगों के लिए है।

उन्होंने वृद्धा पेंशन और राशन योजना के बारे में ज्रिक करते हुए तेजस्वी यादव पर जम कर हमला बोला और कहा कि कहा कि ई चोर चूहाड़ लोग ह जिसके बाबू जी माई खाली बिहार लुटे के काम कैलख।उन्होंने लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू जी के शासन में वृद्धा पेंशन में सौ रुपया,पचास रुपया मिलता था।पांच माह दौड़ना पड़ता था,विडियो लात मार कर भगाता था,छठे माह में पैसा देता था।नीतीश जी ,मोदी जी के समय सारा रुपया खाता में आता है, 11सौ में1099,नहीं होता है।चार माह के राशन में तीन माह का गायब हो जाता था।उन्होंने जीएसटी दर में कटौती को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे आम जनता को लाभ होगा,सामानों के दाम22सितंबर से सस्ते हो जाएंगे।मोदी सरकार का लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत बनाना है।हमारा लक्ष्य है कि हर घर के हर आदमी का इनकम कम से कम 10लाख सालाना हो।


रक्सौल के विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पहले यहां से सिर्फ दिल्ली और हावड़ा की दो ट्रेनें चलती थीं, अब कई प्रमुख शहरों के लिए रेल सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। इंडियन ऑयल का डिपो छपरा बहास स्थानांतरित कर दिया गया है जिससे रक्सौल स्टेशन का विस्तार जल्द होगा। आने वाले दिनों में रक्सौल से देश भर के लिए कई ट्रेन खुलेगी। उन्होंने आईटी संस्थानों और जल्द चालू होने वाले एयरपोर्ट का भी जिक्र किया।

सांसद को कुर्ता पैजामा सब बदलना पड़ा,दिलचस्पी से सुनाई रक्सौल की कहानी!

लौटने के बाद सुगौली में सांगठनिक जिला रक्सौल स्तरीय बैठक में रक्सौल की कहानी अपनी जुबानी सुनाते हुए सांसद डा संजय जायसवाल भी खूब हंसे और कहा कि इतना हचाड था ,बावजूद एक आदमी कुर्सी से नहीं उठा।वैसे तो रात भर पानी हुआ था,लेकिन,जो जगह था उसमें एक फिट पानी था,सबका पानी में गोड़ पड़ा हुआ था।आज ऐसा रूप देखे,जो आज तक हम नहीं नहीं देखे थे।हमको तो कुर्ता पैजामा सब बदलना पड़ा।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम चंपारण सांसद डॉ. संजय जायसवाल, जदयू सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन, लालगंज विधायक संजय सिंह, पूर्व विधान पार्षद सतीश कुमार, रालोमा किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह, हम पार्टी के श्रमिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर.के. दत्ता, रक्सौल विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक पांडेय, लोजपा (आर) के प्रदेश महासचिव पंकज कुमार पांडेय उर्फ लोहा पांडे, लोजपा (आर) के जिला अध्यक्ष राजदेव पासवान ,भाजपा नेता गुड्डू सिंह, मनीष दूबे, लालबाबू सिंह, जितेंद्र कुशवाहा,राजकिशोर राय, सन्नी पटेल, प्रदीप सर्राफ, सीमा गुप्ता, मंटू गुप्ता ,पार्वती तिवारी,सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे,जिन्होंने भी संबोधन किया।
बारिश और कीचड़ की परवाह किए बिना सभी अतिथियों ने अपनी गाड़ियों से उतरकर करीब तीन सौ फीट पैदल चलकर मंच तक पहुंच बनाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!