
रक्सौल।(Vor desk)। कलवार कल्याण समिति के द्वारा इस वर्ष 2 सितंबर को रक्सौल में बलभद्र पूजा का आयोजन किया जायेगा। इसको लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गयी है। इसकी जानकारी देते हुए कलवार कल्याण समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता के हवाले से मीडिया प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि 2 सितंबर दिन मंगलवार को पूजा आयोजित की जायेगी।जिसमें रक्सौल व इसके आसपास के इलाके से कलवार समाज के लोग अपने कुल देवता की पूजा में शामिल होगें।मछली बाजार स्थित जितेन्द्र किशोर, सुमेन्द्र किशोर एवं बप्पी साह के भूखंड पर आयोजित होने वाली बलभद्र पूजा के दौरान शोभा यात्रा भी निकालने का निर्णय लिया गया है।इसके अलावे, वैसे बच्चों को सम्मानित भी किया जायेगा, जिन्होंने अपनी प्रतिभा के बल पर समाज का नाम रौशन किया है। पूजा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, पूर्व सांसद रमा देवी, ढाका विधानसभा के विधायक पवन जायसवाल , राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय सचिव संतोष जायसवाल, सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता रागिनी गुप्ता, बेतिया नगर निगम के उप महापौर गायत्री देवी सहित कई गणमान्य लोगों व वीरगंज (नेपाल) के साथ-साथ आसपास के सभी कलवार कल्याण समिति के पदाधिकारियों को बुलाने का निर्णय लिया गया है।समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि समाज के सहयोग से भव्य पूजा आयोजित की जायेगी, जिसमें कलवार कल्याण समिति के सभी सदस्यों का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। पूजा की तैयारियों को पूरा करने में समिति के सभी पदाधिकारियों, संरक्षक मंडल के सदस्यों व कार्यकारिणी सदस्यों का पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है।
