Saturday, March 7

पेय जल समस्या को ले कर रक्सौल में फूटा आक्रोश, जन प्रतिनिधियों और नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ हुई प्रदर्शन और नारेबाजी,समस्या निराकरण को ले कर एसडीओ ने की बैठक!

रक्सौल।(Vor desk)। जल संकट को ले कर रक्सौल वासियों में आक्रोश बढ़ने लगा है।शहर के आश्रम रोड में पेय जल आपूर्ति में भेद भाव को ले कर जम कर विरोध प्रदर्शन किया गया। नगर परिषद क्षेत्र के स्थानीय पार्षद, चेयरमैन और नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जमकर नारेबाजी हुई। लोगों का आरोप है कि प्रशासन उनके साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहा है।

स्थानीय निवासी राजीव जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नल-जल योजना एक ड्रीम प्रोजेक्ट था, जिसे हर वार्ड में लागू करने का निर्देश था। लेकिन वार्ड 9 और 10 में अब तक यह योजना लागू नहीं की गई है। उनका कहना है कि योजना का प्रस्ताव वार्ड में आया था, लेकिन स्थानीय पार्षद ने इसे लगने नहीं दिया, जिससे यहां के लोग आज एक-एक बूंद पानी को तरस रहे हैं।

मुहल्ले के एक अन्य निवासी राकेश पांडेय ने बताया कि उनके पास का ही वार्ड संख्या 11 में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन और टंकी की व्यवस्था है। वहां के लोग पानी की किल्लत से पूरी तरह मुक्त हैं, लेकिन वार्ड 10 में अब भी लोग दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पार्षद सिर्फ अपने समर्थकों के घरों में ही पानी का टैंकर भिजवा रहे हैं, जबकि बाकी जनता को नजरअंदाज किया जा रहा है।

वहीं, दूसरी ओर वार्ड9 की पूर्व वार्ड पार्षद शबनम आरा ने आरोप लगाया कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत हमारे वार्ड में जल नल योजना लगाने की योजना आई थी,जो लागू नहीं हो सकी, इससे बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है।

वहीं,वार्ड6के पार्षद घनश्याम प्रसाद का भी आरोप है कि उनके वार्ड की उपेक्षा हो रही है।इसको ले कर उन्होंने जिला प्रशासन को आवेदन दे कर जांच की मांग और समस्या को हल करने की गुहार लगाई हैं।

इस बीच नाराज़ लोगों ने मुहल्ले में घूम-घूम कर नप प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल्द कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन को तेज करेंगे। विरोध प्रदर्शन में राजीव जायसवाल, राकेश पांडेय, राजेश पांडेय, दुर्गेश पांडेय, राकेश कुमार, दिनेश गुप्ता, दीपक गुप्ता, संजीत सर्राफ, नरेश सर्राफ सहित अन्य मोहल्लेवासी मौजूद थे।

इधर,बढ़ रहे जनाक्रोश और समस्या को ले कर एसडीओ मनीष कुमार ने नगर परिषद और पीएचईडी के अधिकारियों के साथ एक जरूरी बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए हैं।उन्होंने कहा कि जल्द से जल पेय जल आपूर्ति की समस्या दूर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!