मानवता की मिसाल: हाईवे पर भटक रही विक्षिप्त बच्ची का ‘स्वच्छ रक्सौल’ ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
रक्सौल।(Vor desk)। शहर के गमहरिया चौक के समीप एनएच (हाईवे) पर बीती रात एक मानसिक रूप से कमजोर बच्ची को लावारिस हालत में भटकते हुए पाया गया। रात के अंधेरे में बच्ची के किसी अनहोनी या गलत हाथों में पड़ने की आशंका को देखते हुए स्थानीय जागरूक नागरिक और सामाजिक संस्था की तत्परता से उसे सुरक्षित बचा लिया गया है।
त्वरित कार्रवाई से टला खतरा
मामले की जानकारी देते हुए स्वच्छ रक्सौल संगठन के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने बताया कि रात्रि करीब 9 बजे विवेक पटेल नामक युवक ने सूचना दी कि एक बच्ची हाईवे पर अकेली घूम रही है। सूचना मिलते ही स्वच्छ रक्सौल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची को अपने संरक्षण में लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल 112 पुलिस सेवा को सूचित किया गया। पुलिस के सहयोग से बच्ची को उचित देखरेख के लिए 'माहेर ममता निवास' पहुँचाया गया है, जहाँ वह अभी सुरक्षित है।
...









