Thursday, November 26

संविधान बचाना ही सबसे बड़ी देशभक्ति : इंजीनियर हरिकेश्वर राम पासवान

बसपा ने संविधान दिवस पर भाजपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, 14 अप्रैल 2027 से पहले अंबेडकर की प्रतिमा लगाने का संकल्प

रक्सौल।(Vor desk)। संविधान बचाना ही सबसे बड़ी देशभक्ति है। संविधान से ही देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार मिला है। ये बातें गुरुवार को अंबेडकर चौक पर संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बसपा के बिहार मुख्य जोन प्रभारी इंजीनियर हरिकेश्वर राम पासवान ने कहीं। बहुजन समाज पार्टी की 10-रक्सौल विधानसभा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में संविधान के मूल्यों की रक्षा, सामाजिक समानता, शिक्षा, आरक्षण और बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी पर जोर दिया गया।

इंजीनियर पासवान ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दल एक-दूसरे पर संविधान के लिए खतरा होने का आरोप लगाते हैं, जबकि उनके अनुसार संविधान की मूल भावना को कमजोर करने में दोनों की भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी संविधान के मूल्यों और वंचित समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। पार्टी का सिद्धांत ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ है। उन्होंने बहुजन समाज से अपने मताधिकार की ताकत पहचानने और बहन मायावती को सत्ता में वापस लाने का आह्वान किया। उन्होंने मायावती के पूर्व शासनकाल में गरीबों और भूमिहीन परिवारों के हित में उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया।

विशिष्ट अतिथि जोन प्रभारी मनोज राम ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से वंचित और शोषित समाज को अधिकारों की मजबूत नींव दी। गरीब परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और कानून का राज कायम करने की जरूरत है। प्रदेश सचिव चंद्रकिशोर पाल ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत किया गया था। संविधान ने दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के अधिकारों तथा सम्मानपूर्ण जीवन के लिए मजबूत आधार प्रदान किया है।

अंबेडकर चौक पर लगेगी आठ फीट ऊंची प्रतिमा।

उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक राजेंद्र राम ने अंबेडकर चौक पर बाबा साहेब की आठ फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने 14 अप्रैल 2027 से पहले प्रतिमा स्थापित करने की अपील की। इस पर जिला अध्यक्ष मथुरा राम व पूर्व शाखा प्रबंधक राजेंद्र राम सहित उपस्थित कार्यकर्ताओं ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रतिमा स्थापना के लिए प्रयास करने का संकल्प लिया।

जिला अध्यक्ष मथुरा राम ने रक्सौल में पुस्तकालय भवन स्थापित करने की जरूरत बताई। उन्होंने नगर परिषद में संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी करने तथा सरकारी विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों का मानदेय बढ़ाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कमजोर वर्गों, महिलाओं और मेहनतकश कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाना जरूरी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मथुरा राम ने की। मौके पर जिला महासचिव रजनीश कुमार राम, रक्सौल विधानसभा अध्यक्ष कपिलदेव राम, राजेंद्र राम, यू भिखारी राम, नरसिंह राम, विनोद राम, चंदन और केपी भाई सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद थे। कार्यक्रम का समापन ‘जय भीम, जय भारत, जय संविधान’ के नारों के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!