Friday, November 13

वीरगंज कारागार से दुष्कर्म का कैदी फरार, बॉर्डर पर अलर्ट; स्निफर डॉग से तलाश तेज

सुबह 8:40 बजे सफाई के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़कर भागा 30 वर्षीय सुनील साह तुरहा, जनकपुर से मंगाया गया प्रशिक्षित खोजी कुत्ता; जेल प्रशासन की भूमिका की भी जांच शुरू

रक्सौल। (Vor Desk)। भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के पर्सा जिले स्थित वीरगंज कारागार से गुरुवार सुबह दुष्कर्म मामले का एक कैदी फरार हो गया। फरार कैदी की पहचान पोखरिया नगरपालिका वार्ड-4 के सतबरिया निवासी 30 वर्षीय सुनील साह तुरहा के रूप में हुई है। वह सुबह करीब 8:40 बजे कारागार परिसर में सफाई के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़कर फरार हो गया। घटना की पुष्टि पर्सा के प्रमुख जिला अधिकारी भोला दाहाल ने की है।

कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही जिला पुलिस कार्यालय पर्सा और सशस्त्र प्रहरी बल की टीमें सक्रिय हो गईं। फरार कैदी की तलाश के लिए वडा प्रहरी कार्यालय बिर्ता के पुलिस निरीक्षक विक्रम सुवेदी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम भी लगाई गई है। तलाशी अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनकपुर से प्रशिक्षित खोजी कुत्ता (डॉग स्निफर) मंगाया गया है। कुत्ते की मदद से संभावित ठिकानों पर छानबीन की जा रही है।

भारत की ओर भागने की आशंका, नाकों पर कड़ी निगरानी

वीरगंज भारत-नेपाल की खुली सीमा के बेहद करीब है। ऐसे में फरार कैदी के भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने की आशंका को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख सीमा नाकों पर सुरक्षा निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ जांच भी कर रही हैं।

जेल प्रशासन की भूमिका भी जांच के दायरे में

कैदी किस परिस्थिति में और कैसे कड़ी सुरक्षा के बीच कारागार से फरार होने में सफल रहा, इसकी जांच की जा रही है। कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षाकर्मियों की निगरानी और प्रशासनिक जिम्मेदारी की भी पड़ताल शुरू कर दी गई है। पर्सा के सहायक प्रमुख जिला अधिकारी कृष्णप्रसाद चापागाई ने घटना की आंतरिक छानबीन शुरू होने की जानकारी दी है।

पुलिस के अनुसार, फरार होने के वास्तविक कारणों और सुरक्षा में संभावित चूक का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस का पूरा जोर सुनील साह तुरहा की तलाश और गिरफ्तारी पर है।(रिपोर्ट: पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!