
हेटौंडा के रातोमाटे चेकपोस्ट पर नेपाल पुलिस की कार्रवाई, 40.69 लाख नेपाली रुपये के आभूषण और सिक्के बरामद; खेप काठमांडू ले जाने की थी तैयारी
रक्सौल/हेटौंडा, (Vor Desk)। दीपावली के त्योहार के बीच भारत-नेपाल सीमा पर चांदी की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। नेपाल के मकवानपुर जिले में पुलिस ने एक कार की तलाशी के दौरान 14 किलो 180 ग्राम चांदी के आभूषण और सिक्के बरामद किए हैं। चांदी को कार की डिक्की में बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर रखा गया था। मामले में पूर्वी चंपारण के रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत रामगढ़वा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी एक व्यक्ति, उसकी पत्नी, पुत्र और भांजी को गिरफ्तार किया गया है। जब्त चांदी का अनुमानित मूल्य 40,69,661 नेपाली रुपये बताया गया है।

मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 25 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:15 बजे हेटौंडा उपमहानगरपालिका-15 स्थित रातोमाटे चेकपोस्ट पर नियमित वाहन जांच के दौरान बा.3 च. 7079 नंबर की कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की डिक्की में विशेष रूप से बनाया गया गुप्त तहखाना मिला। इसके अंदर प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर रखे गए चांदी के विभिन्न आभूषण और सिक्के बरामद हुए। पुलिस ने चांदी के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया।
रक्सौल अनुमंडल के एक ही परिवार के चार लोग गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में रामगढ़वा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी 50 वर्षीय रमेश कुमार साह सोनार, उनकी 42 वर्षीय पत्नी चंदा देवी सोनार, 18 वर्षीय पुत्र अजित साह सोनार और 20 वर्षीय भांजी नंदनी कुमारी साह शामिल हैं। सभी भारत के बिहार स्थित पूर्वी चंपारण जिले के निवासी बताए गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चांदी की यह खेप काठमांडू ले जाई जा रही थी। इसी दौरान रातोमाटे चेकपोस्ट पर वाहन जांच में इसका खुलासा हो गया। हालांकि, चांदी कहां से लाई गई थी, इसे किसे सौंपा जाना था और इस नेटवर्क में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं, इन बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
सीमा शुल्क कार्यालय बीरगंज भेजे गए आरोपी

मकवानपुर के पुलिस अधीक्षक श्याम बहादुर खत्री के अनुसार, भंसार यानी सीमा शुल्क की चोरी कर अवैध रूप से लाए गए चांदी के आभूषणों और सिक्कों के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद चांदी का कुल वजन 14 किलो 180 ग्राम और अनुमानित मूल्य 40,69,661 नेपाली रुपये आंका गया है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और आगे की जांच के लिए चारों आरोपियों तथा जब्त वाहन को बीरगंज स्थित सीमा शुल्क कार्यालय, पर्सा भेज दिया है। अब सीमा शुल्क विभाग के स्तर पर मामले की आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली के दौरान कीमती धातुओं की बढ़ती मांग के बीच हुई इस कार्रवाई ने भारत-नेपाल सीमा पर अवैध कारोबार की निगरानी को लेकर फिर सवाल खड़े किए हैं। जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि बरामद चांदी के परिवहन में सीमा शुल्क संबंधी किन प्रावधानों का उल्लंघन हुआ और इस मामले के तार किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।
