
एसएसबी की 71वीं वाहिनी और आदापुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, श्यामपुर गांव के पास की गई घेराबंदी
आदापुर (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान में एसएसबी और आदापुर पुलिस को सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने शनिवार शाम श्यामपुर गांव के पास एक नेपाली नागरिक को 48.76 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में मादक पदार्थ की खेप भारतीय क्षेत्र से नेपाल ले जाए जाने की आशंका जताई गई है।
जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 71वीं वाहिनी की ई-कंपनी बेलदरवामठ और आदापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमावर्ती इलाके में गश्त और नाकेबंदी की। इस दौरान भारत-नेपाल सीमा से करीब 4.5 किलोमीटर अंदर श्यामपुर गांव के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से 48.76 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नेपाल के बारा जिले के फेंटा गांव निवासी नसरूल्लाह देवान के पुत्र रोज मोहम्मद देवान फकीर (24) के रूप में हुई है।
आदापुर थानाध्यक्ष रूपम कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार नेपाली नागरिक, बरामद मादक पदार्थ और मोबाइल फोन के संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और संयुक्त कार्रवाई जारी है।
