Saturday, October 3

हरैया पुलिस और SSB की संयुक्त कार्रवाई: 1 करोड़ रुपये की 11 किलो चरस के साथ ई-रिक्शा सवार तस्कर गिरफ्तार

रक्सौल (पूर्वी चम्पारण)(vor desk)। नेपाल से भारत में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरैया थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित मैत्री ब्रिज के पास सघन चेकिंग के दौरान एक ई-रिक्शा सवार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 11.246 किलोग्राम चरस बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त चरस की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

यह पूरी कार्रवाई 3 अक्टूबर 2026 को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से मैत्री ब्रिज होते हुए चरस की एक बड़ी खेप रक्सौल की तरफ लाई जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (रक्सौल) मनीष कुमार आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 47वीं वाहिनी एसएसबी पनटोका और हरैया थाना पुलिस के साथ मिलकर सीमा पर नाकाबंदी की और वाहनों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान एक संदिग्ध ई-रिक्शा को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद प्लास्टिक के बोरे से भूरे रंग के टेप में लपेटे गए 22 पैकेट बरामद हुए, जिनमें चरस जैसा मादक पदार्थ भरा हुआ था। पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नेपाल के पर्सा जिला अंतर्गत बीरगंज के छपकाईया निवासी अमर चौधरी (पिता- रामपुकार चौधरी) के रूप में हुई है।

इस सफल छापेमारी अभियान में रक्सौल के एसडीपीओ मनीष कुमार आनंद, छौड़ादानों के अंचल निरीक्षक रंजय कुमार, हरैया थानाध्यक्ष पु०अ०नि० किशन कुमार पासवान, एसएसबी 47वीं वाहिनी पनटोका के निरीक्षक चोधमल कुमावत व विकास, उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह और हरैया थाना के सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे। पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!