Saturday, October 3

रक्सौल में खेलने के दौरान बच्चों पर हड्डा का उग्र हमला, दो साल के मासूम की मौत से छाया मातम

रक्सौल।(Vor desk)।पूर्वी चंपारण के रक्सौल स्थित नेपाली स्टेशन के पास माता मंदिर परिसर में शुक्रवार को एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां अन्य बच्चों के साथ खेल रहे मासूमों पर अचानक हड्डा (ततैया) के उग्र झुंड ने हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में चार बच्चे बुरी तरह डंक मारने से गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्चों की दर्दनाक चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने किसी तरह उन्हें झुंड से छुड़ाया और आनन-फानन में डंकन अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने अहिरवा टोला (वार्ड-7) निवासी विजय मलिक के दो वर्षीय पुत्र करण कुमार को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। इस हमले में मृतक करण के दो भाई—छह वर्षीय अरुण कुमार व चार वर्षीय रॉकी कुमार, तथा वार्ड-5 निवासी इंदल मलिक का आठ वर्षीय पुत्र लखन कुमार भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिनका फिलहाल डंकन अस्पताल में इलाज चल रहा है।

एक ही स्थान पर चार बच्चों को शिकार बनाए जाने की इस घटना से रक्सौल के नेपाली स्टेशन क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इस दुखद हादसे के बाद आक्रोशित और भयभीत स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि मंदिर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर बने हड्डा के छत्तों को जल्द से जल्द हटाए जाने की ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि आगे किसी और मासूम की जान जोखिम में न पड़े।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!