
रक्सौल।(Vor desk)। सत्य, अहिंसा और सादगी के महानायकों को याद करते हुए स्थानीय भारती पब्लिक स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भव्य व गरिमामयी ढंग से मनाई गई। समूचा विद्यालय परिसर ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ और ‘जय जवान, जय किसान’ के नारों से सराबोर हो उठा, जहां छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने देश के दोनों महान सपूतों को नमन कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य आमोद श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर भारती फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक मुख्य वक्ता प्रो. मनीष दुबे ने छात्रों को संबोधित करते हुए गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन प्रसंगों को साझा किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बापू के सत्य व अहिंसा के सिद्धांत और शास्त्री जी का ईमानदारी भरा जीवन और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है। यदि युवा पीढ़ी इन महान विभूतियों के बताए मार्ग पर चले, तो भारत का भविष्य नई ऊंचाइयों को छुएगा।

समारोह में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। छात्र-छात्राओं ने दोनों महापुरुषों के जीवन दर्शन, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर ओजस्वी व प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किए, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में विद्यालय के शिक्षक राकेश श्रीवास्तव, बी.के. मिश्रा, अरविंद कुमार, मनोज श्रीवास्तव, रविंदर श्रीवास्तव, अजय सिंह, सुब्रत राज, मधुकर, प्रकाश कुमार, पवन कुमार, अनमोल कुमार, रौनक कुमार, विजय कुमार, गौतम कुमार के साथ-साथ शिक्षिकाओं रंजन देवी, खुशबू देवी, अनुराधा श्रीवास्तव, आरती झा, सलमा खातून, सलोनी कुशवाहा, रचना कुमारी और समस्त शिक्षणेत्तर कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।
