Saturday, October 3

गांधी जयंती पर न्यू पशुपति आदर्श विद्यालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं झांकी का आयोजन

रक्सौल।(Vor desk)। 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शहर के नागा रोड काली मंदिर रोड स्थित न्यू पशुपति आदर्श विद्यालय के प्रांगण में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं झांकी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा माल्यार्पण एवं श्रद्धा-सुमन अर्पित करके किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने कुछ पंक्तियों के माध्यम से महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा—
“सत्य-अहिंसा के बल पर भारत को मुक्त कराकर
अंतिम मूल्य दिया था जिसने तीन गोलियाँ खाकर,
मानवता की उस विभूति को मेरा आज नमन है|
धरती के उस अमर पुत्र को श्रद्धा-सुमन अर्पण है।
इस अवसर पर गांधीजी के प्रिय भजनों “रघुपति राघव राजा राम” तथा “वैष्णव जन तो तेने कहिए” की मधुर धुनें प्रस्तुत की गईं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने महात्मा गांधी के बताए हुए मार्ग पर चलने, सत्य, अहिंसा, प्रेम एवं भाईचारे को अपनाने का संकल्प लिया।


सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य रविन्द्र कुमार मिश्रा ने कहा कि दुनिया के सभी मनुष्य समान हैं। हमें छुआछूत और भेदभाव को मिटाकर सदैव प्रेम, अहिंसा और सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। यही महात्मा गांधी की शिक्षाओं का सार है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कक्षा 3 के छात्र शिव कुमार ने महात्मा गांधी की भूमिका प्रस्तुत की। वहीं कार्तिक कुमार, ऋषभ कुमार एवं अनिकेट कुमार ने गांधीजी के प्रसिद्ध “तीन बंदरों” के रूप में प्रस्तुति देकर उनके संदेश—“बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो और बुरा मत बोलो”—को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कक्षा 3 के छात्र आयुष कुमार की प्रस्तुति की सभी उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की। बच्चों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं झांकी ने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रमुख शिक्षक अमन मिश्रा, बृजेश कुमार, अंजना विश्वास, संजना कुमारी, सृष्टि कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!