
पुरंदरा में मोबाइल टावर से सामग्री चोरी का मामला, पुलिस ने दो संदिग्धों को दबोचा
रक्सौल/भेलाही। (Vor Desk)
भेलाही थाना क्षेत्र के पुरंदरा गांव में टावर चौक के समीप मोबाइल टावर में उपयोग होने वाली सामग्री चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी में प्रयुक्त बताए जा रहे एक तीन पहिया ऑटो रिक्शा समेत टावर से संबंधित सामग्री बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में तार, फायर मशीन, किट, पंप मोटर, चार्जर सहित अन्य सामान शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने BR22PA7678 नंबर के तीन पहिया ऑटो को भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नौशाद आलम, पिता अजीजुल हक, निवासी दुबौलिया मुर्गिया टोला, वार्ड नंबर-1, थाना रामगढ़वा, पूर्वी चंपारण तथा अजीत कुमार, पिता नंदलाल कुशवाहा, निवासी पांडेय टोला बेतिया, थाना मुफस्सिल, पश्चिमी चंपारण के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने परसवा कचोरवा गांव से पकड़ा है।
बताया गया है कि पुरंदरा गांव में टावर चौक के समीप टावर में लगी अथवा उपयोग में आने वाली सामग्री चोरी होने की सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। इसी क्रम में संदिग्धों को पकड़ा गया और उनके पास से उक्त सामग्री तथा वाहन बरामद किया गया।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। बरामद सामग्री का वास्तविक स्रोत, चोरी की घटना में आरोपियों की भूमिका और संभावित गिरोह से उनके संबंधों की भी जांच की जा रही है। भेलाही थाना पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
