Monday, September 7

नवाचार और गतिविधि आधारित शिक्षण से बदलाव लाने वाले शिक्षक सम्मानित

शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी : ब्रजेश ओझा

रक्सौल। (Vor Desk)। बिहार टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन, रक्सौल के तत्वावधान में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय गोनहा चैनपुर में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सेवानिवृत्त एवं कार्यरत प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक-शिक्षिका, विशिष्ट शिक्षक-शिक्षिका और नियोजित शिक्षक-शिक्षिकाओं को शॉल, प्रतीक चिह्न एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता संगठन के केंद्रीय कमेटी अध्यक्ष राजेश कुमार ने की।

सम्मानित होने वालों में मुनेश राम, सुधीर कुमार सिंह, गोपाल प्रसाद, आशीष कुमार पचौरी, कमलेश कुमार, रमेश प्रसाद, मनिंदर सिंह, मनोज कुमार, शैलेंद्र कुमार सिंह, बबीता कुमारी और रौनक अनम सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहे।

अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि बिहार टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन शिक्षकों के कल्याण के साथ उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। शिक्षक हित में संगठन की सकारात्मक और प्रभावी पहल आगे भी जारी रहेगी।

मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आरडीडीई ब्रजेश ओझा ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शिक्षकों को बच्चों में ज्ञान के साथ संस्कार और सामाजिक चेतना विकसित करने पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचार और गतिविधि आधारित शिक्षण को जरूरी बताया।

महेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान शिक्षा और समाज निर्माण में उनके योगदान का सम्मान है। शिवपूजन प्रसाद ने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान में समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की। सेवानिवृत्त शिक्षक अवधेश सिंह ने बदलते समय के अनुरूप नई शिक्षण पद्धतियां अपनाने पर जोर दिया। जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष ध्रुव नारायण कुशवाहा ने कहा कि शिक्षकों के सम्मान से समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनता है।

इस दौरान शिक्षक नेता प्रमोद यादव ने संगठन को 5100 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और संगठन की सकारात्मक पहल में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

नशामुक्ति पर बच्चियों की प्रस्तुति ने जीता दिल

समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चियों की नशामुक्ति पर आधारित नाटकीय प्रस्तुति को खूब सराहा गया। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय लौकरिया पश्चिम टोला को प्रथम, उच्च माध्यमिक विद्यालय जोकियारी को द्वितीय तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय आनंद सागर गम्हरिया को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में प्राण रंजन प्रसाद, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रक्सौल, रविन्द्र मिश्र, हरिनारायण पंडित, रामजी प्रसाद गुप्ता, रमेश प्रसाद गुप्ता, रंजीत सिंह, रामललित पटेल, शुभेन्द्र कुमार, राघवेंद्र मिश्रा, बलराम प्रसाद सिंह, नरेन्द्र शर्मा, विजय कुमार सिंह, उमेश वर्मा, मनोज कुमार सिंह, रामनाथ प्रसाद, हारून रशीद, शशिकांत प्रसाद, प्रणव कुमार, संजीव कुमार, उमाशंकर ठाकुर, राजकुमार गुप्ता, अमृता गौतम, अपर्णा तिवारी, आकांक्षा वर्मा, विपिन कुमार सिंह, एमडी जहांगीर, रानी कुमारी, सुधा कुमारी, विजय कुमार साह, सुरेश राम, रामचंद्र राम, रश्मि सिन्हा, कुमारी इंदु सोनी, सोनू कुमार, कृष्णा प्रसाद, राम किशोर बैठा, नीरज उपाध्याय, नसीमा खातून एवं राधा कृष्ण प्रसाद यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

रिमझिम बारिश के बीच देर शाम तक चले समारोह के बाद सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!