Thursday, August 27

वीरगंज में मोहम्मद साहब के जन्मदिवस जुलूस के दौरान झंडा लगाने पर विवाद, पुलिस की तत्परता से स्थिति शांत

रक्सौल। (Vor desk)। पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस (ईद-उल-मिलादुन्नबी) के अवसर पर सीमावर्ती नेपाली शहर वीरगंज में निकाले गए जुलूस के दौरान झंडा लगाने को लेकर उत्पन्न हुआ विवाद पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से पूरी तरह शांत हो गया है। पर्सा जिला पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य होने की पुष्टि की है।

मिली जानकारी के अनुसार, वीरगंज महानगरपालिका वार्ड संख्या 1 और 3 की सीमा पर स्थित छपकहिया बहिपुल के समीप टावर लाइट पर झंडा लगाने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच मतभेद उत्पन्न हो गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, टावर लाइट के पास पहले से लगे एक धार्मिक ध्वज के समीप जुलूस के दौरान दूसरा झंडा लगाए जाने के दौरान बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से कहासुनी के साथ ईंट-पत्थर चले, जिसमें कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस कार्यालय पर्सा की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पर्सा के प्रमुख जिलाधिकारी भोला दहाल और पुलिस अधीक्षक पवन भट्टराई के मार्गदर्शन में पुलिस बल ने तुरंत स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों से वार्ता कर मामले को शांत कराया।

जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के प्रवक्ता सह डीएसपी चक्र बहादुर मल्ला ने बताया कि पुलिस के सक्रिय समन्वय के बाद अब क्षेत्र में पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है। प्रशासन ने सभी वर्गों से आपसी सौहार्द और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। वहीं, स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध लोगों ने भी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी से शांति बनाए रखने का आह्वान किया है। पुलिस स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!