Saturday, August 15

रक्सौल में सुबह 9 बजे के बाद ही शुरू होंगे स्वतंत्रता दिवस समारोह

गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद कार्यक्रम का समय निर्धारित, एसडीओ नागमणि कुमार वर्मा ने की पुष्टि

रक्सौल।(Vor desk)।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर इस बार समय को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश के अनुसार राज्य की राजधानियों, जिला मुख्यालयों, अनुमंडल, प्रखंड और ग्राम स्तर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह अथवा राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम सुबह 9 बजे के बाद ही शुरू किया जाना है।

10 अगस्त 2026 को गृह मंत्रालय की ओर से जारी निर्देश में स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की रूपरेखा स्पष्ट की गई है। इसी निर्देश के आलोक में रक्सौल अनुमंडल प्रशासन ने विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं प्रमुख संस्थानों में ध्वजारोहण का समय निर्धारित किया है।

रक्सौल एसडीओ नागमणि कुमार वर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गृह मंत्रालय के निर्देश के अनुरूप रक्सौल में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। सभी संबंधित स्थानों पर तय समय के अनुसार कार्यक्रम आयोजित होंगे।

रक्सौल में कहां-कब होगा ध्वजारोहण

प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार रक्सौल में स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न स्थानों पर सुबह 9:20 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा।

अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय, रक्सौल — सुबह 9:20 बजे

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय — सुबह 9:30 बजे

प्रखंड कार्यालय, रक्सौल — सुबह 9:40 बजे

अधिवक्ता संघ, रक्सौल — सुबह 9:45 बजे

विधिक लिपिक संघ, रक्सौल — सुबह 9:50 बजे

बाल विकास परियोजना कार्यालय — सुबह 9:55 बजे

रक्सौल थाना — सुबह 10:25 बजे

अनुमंडलीय अस्पताल, रक्सौल — सुबह 10:35 बजे

नगर परिषद, रक्सौल — सुबह 10:40 बजे

धांगड़टोली, महादलित बस्ती, लक्ष्मीपुर, रक्सौल — सुबह 11:00 बजे

लाल किले से लेकर गांव तक एक समान समय व्यवस्था

गृह मंत्रालय के निर्देश में कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभर में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर लाल किले पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर, राष्ट्रगान, राष्ट्रीय ध्वज फहराने और अन्य निर्धारित कार्यक्रम होंगे।

इसी तरह राज्यों, जिलों, अनुमंडलों, प्रखंडों और ग्राम पंचायत स्तर तक समारोहों का आयोजन निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाना है। स्थानीय स्तर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम सुबह 9 बजे के बाद शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

रक्सौल में भी इसी व्यवस्था के तहत अलग-अलग कार्यालयों और संस्थानों के लिए समय निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने संबंधित विभागों एवं संस्थानों को तय समय पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

इस बार स्वतंत्रता दिवस पर रक्सौल में पहला निर्धारित ध्वजारोहण सुबह 9:20 बजे अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में होगा, जबकि विभिन्न कार्यक्रमों का सिलसिला सुबह 11 बजे तक जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!