Thursday, August 13

रक्सौल:सैनिक रोड से बीईओ की स्कॉर्पियो ले उड़े चोर,माया जिम के पास सड़क किनारे खड़ी थी गाड़ी, सुबह गायब मिली; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस


रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल शहर में वाहन चोरों ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था को चुनौती देते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) प्राण रंजन प्रसाद की स्कॉर्पियो चोरी कर ली। वारदात वार्ड संख्या-18 के सैनिक रोड स्थित माया जिम के समीप हुई। सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो को अज्ञात चोर रात में लेकर फरार हो गए। चोरी गई गाड़ी का नंबर बीआर-22बीए-9731 बताया गया है।
सुबह वाहन की जरूरत पड़ने पर बीईओ ने बाहर देखा तो स्कॉर्पियो अपने स्थान से गायब थी। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चला। इसके बाद रक्सौल थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाई।


कैमरों में तलाशे जा रहे चोरों के सुराग


पुलिस ने सैनिक रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए चोरी के समय संदिग्धों की गतिविधि और वाहन के निकलने वाले रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस संभावित रास्तों और ठिकानों पर भी वाहन की तलाश कर रही है।
रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि वाहन चोरी के संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है। चोरी गई स्कॉर्पियो की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।


रिहायशी इलाके में चोरी से बढ़ी चिंता


रिहायशी इलाके से अधिकारी की गाड़ी चोरी होने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने के साथ संवेदनशील इलाकों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय नियमित गश्ती से वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।(रिपोर्ट:श्रेयांश कुमार बिट्टू)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!