Thursday, July 16

बारिश भी नहीं रोक सकी श्रद्धालुओं की आस्था, वीरगंज में निकली मां गहवामाई की भव्य चौथी रथयात्रा

रक्सौल। (VoR Desk)। नेपाल के वीरगंज में गुरुवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री गहवामाई मंदिर से मां गहवामाई की चौथी भव्य रथयात्रा निकाली गई। सुबह हुई बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी और हजारों की संख्या में भक्त “जय गहवामाई” के जयघोष के साथ रथयात्रा में शामिल हुए।

विशेष रूप से चंदन की लकड़ी से निर्मित रथ पर विधि-विधान से मां गहवामाई का श्रृंगार और पूजन करने के बाद रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। यह यात्रा मंदिर परिसर से निकलकर घंटाघर, रेलवे रोड के भीतरी बाइपास, छपकैया, मुख्य सड़क, अस्पताल रोड, मकालु चौक, आदर्शनगर और घड़िअर्वा होते हुए पुनः माईस्थान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की तर्ज पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित सभी वर्गों के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मार्ग के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने रथ का स्वागत किया और माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

रथयात्रा के उपरांत दोपहर में मां गहवामाई की विशेष पूजा-अर्चना की गई। शाम को मुख्य हवन, महाआरती और प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ। गहवामाई मंदिर संचालन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र साह,सचिव कन्हैया लाल केशरी, गहवामाई तीर्थ क्षेत्र विकास समिति के अध्यक्ष श्याम पोखरेल, उपाध्यक्ष देवानंद गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने का भी माध्यम बन चुका है।

पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र प्रहरी बल और ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की गई थी। रथयात्रा मार्ग पर वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में सुरक्षा कर्मियों को भी तैनात किया गया, जिससे कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!