
नेपाल के दो और रक्सौल का एक युवक गिरफ्तार, बाइक व तीन मोबाइल भी जब्त
रक्सौल।(Vor desk)
सीमावर्ती शहर रक्सौल में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.60 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बाइक तथा तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने होटल नकाशा एरिया, रेलवे स्टेशन रोड और नागा रोड स्थित जिला परिषद मार्केट क्षेत्र में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नेपाल के मकवानपुर जिले के दिपेश थिंग (22) एवं सागर कार्की (24) तथा रक्सौल नगर परिषद के वार्ड संख्या-20 निवासी टार्जन आलम (26) को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से कुल 9.60 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक), एक बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मादक पदार्थ को जब्त करते हुए पुलिस ने तीनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
