
रक्सौल बॉर्डर पर एसएसबी की कार्रवाई, हरैया थाना पुलिस कर रही पूछताछ; यात्रा के उद्देश्य व संपर्कों की हो रही जांच
रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर रक्सौल स्थित इंडो-नेपाल मैत्री पुल से भारत से नेपाल में अवैध रूप से जाने की कोशिश कर रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार देर रात नियमित गश्त और सघन जांच अभियान के दौरान उसे पकड़ा गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसएसबी ने उसे हरैया थाना पुलिस के हवाले कर दिया। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर उसके भारत आने के उद्देश्य और संभावित संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं।बताया गया है कि उसके पास भारत प्रवेश के लिए वीजा या अन्य वैध दस्तावेज नहीं थे।पूछ ताछ में संदिग्ध बांग्लादेशी ने अपना हिंदू नाम बताया और गुमराह करने की कोशिश की।
एसएसबी सूत्रों के अनुसार, भारत से नेपाल प्रवेश की कोशिश कर रहे एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर मैत्री पुल पर उसे रोककर दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान उसके पास बांग्लादेश का पासपोर्ट मिला, जिससे उसके बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान एमडी शियाम हुसैन (27) के रूप में हुई है। वह बांग्लादेश के मुंशीगंज जिले का निवासी है। उसके पास से बरामद पासपोर्ट संख्या B00067575 के अनुसार उसका जन्म 22 अगस्त 1998 को मुंशीगंज में हुआ था। पासपोर्ट 8 दिसंबर 2020 को डीआईपी, ढाका द्वारा जारी किया गया था, जिसकी वैधता 7 दिसंबर 2030 तक है। दस्तावेज में उसका स्थायी पता बारोय गांव, श्रीनगर, आतपारा-1541, मुंशीगंज (बांग्लादेश) अंकित है।
प्रारंभिक पूछताछ में सुरक्षा एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि वह पहले भी भारत नेपाल क्षेत्र में आवाजाही कर चुका हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, यात्रा मार्ग, नेपाल में ठहरने के स्थान, भारत में संभावित संपर्कों तथा सीमा पार करने के उद्देश्य की गहन जांच कर रही हैं।
एसएसबी ने आरोपी को हरैया थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह वैध अनुमति के बिना भारत में कैसे रह रहा था।नेपाल प्रवेश किस मंशा से करना चाहता था तथा उसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार के मुताबिक,गहन पूछ ताछ और जरूरी कार्रवाई जारी है।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में भारत-नेपाल सीमा पर अवैध प्रवेश के कई मामले सामने आए हैं। इसी कारण सीमा पर एसएसबी ने निगरानी, गश्त और दस्तावेजों की जांच और अधिक सख्त कर दी है।
