Tuesday, June 30

रक्सौल नगर परिषद बोर्ड की बैठक में कई अहम फैसले, लक्ष्मीपुर से बस संचालन और आउटसोर्सिंग से टैक्स वसूली पर मुहर

रक्सौल।(vor desk) शहर के विकास, यातायात व्यवस्था में सुधार, स्वच्छता अभियान को गति देने और पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने को लेकर मंगलवार को रक्सौल नगर परिषद के सामान्य बोर्ड की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वार्ड संख्या-1 स्थित नगर परिषद कार्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया।

बैठक की शुरुआत पिछली सामान्य बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों की संपुष्टि के साथ हुई। इसके बाद एजेंडावार चर्चा करते हुए शहर के समग्र विकास के लिए सभी पार्षदों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान मुख्य सड़कों एवं प्रमुख मार्गों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। साथ ही, जरूरत के अनुरूप सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आउटसोर्सिंग एजेंसी के चयन की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने पर सहमति बनी। शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ करने और विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

शहर की वर्षों पुरानी जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में सामान्य बोर्ड ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए सर्वसम्मति से लक्ष्मीपुर स्थित बस पड़ाव से बसों के संचालन का प्रस्ताव पारित किया। कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि लक्ष्मीपुर में निर्मित बस पड़ाव का उद्घाटन गत 26 जनवरी को हो चुका है। अब बोर्ड ने निर्णय लिया है कि शहर के भीतर संचालित होने वाली बसों का परिचालन लक्ष्मीपुर स्थित बस पड़ाव से ही किया जाएगा, जिससे शहर के मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

बैठक में गर्मी के मौसम में उत्पन्न हो रही पेयजल समस्या पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि शहर के जिन क्षेत्रों में अब तक बोरिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है और जहां इसकी आवश्यकता महसूस की जा रही है, वहां नई बोरिंग कराई जाएगी। इसके साथ ही, पाइपलाइन से वंचित घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। विशेष रूप से वार्ड संख्या-3 एवं वार्ड संख्या-19 में पेयजल आपूर्ति के लिए नई पाइपलाइन बिछाने की योजना को भी मंजूरी दी गई।

कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का आकलन कराया गया है। आवश्यकता के अनुरूप बोरिंग और पाइपलाइन विस्तार का कार्य कराया जाएगा, ताकि सभी घरों तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

नगर परिषद के राजस्व में वृद्धि और बकाया कर की वसूली में तेजी लाने के उद्देश्य से टैक्स संग्रहण का कार्य आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से कराने के प्रस्ताव को भी सामान्य बोर्ड ने स्वीकृति प्रदान की। अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था के लागू होने से कर संग्रहण प्रणाली अधिक प्रभावी होगी तथा नगर परिषद की आय में बढ़ोतरी होगी।

बैठक के दौरान विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग उठाई और कई विकासात्मक प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए, जिन पर सकारात्मक चर्चा हुई।

बैठक में नगर प्रबंधक अविनाश कुमार राव, सहायक स्वच्छता पदाधिकारी कन्हैया कुमार यादव, प्रभारी प्रधान सहायक चंदेश्वर बैठा, प्रभारी टैक्स दरोगा पंकज कुमार सिंह, कनीय अभियंता राज कुमार राय, रोहित कुमार, विवेक कुमार, सहायक बैजू जायसवाल, अजीत कुमार तथा सोनू मंडल उपस्थित रहे।

इसके अलावा पार्षद जितेन्द्र कुमार दत्ता, मुकेश कुमार, दीपक कुमार, रंजीत कुमार श्रीवास्तव, सोनू कुमार गुप्ता, मो. अब्बास, रवि कुमार गुप्ता, वीरेन्द्र प्रसाद, कुन्दन कुमार सिंह, ओम कुमार साह, घनश्याम प्रसाद, अनुरागनी देवी, डिम्पल चौरसिया, अंतिमा देवी, सुगंधि देवी, आशा देवी, सीमा गुप्ता, पन्ना देवी, कांति देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!