Saturday, June 27

अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर एसएसबी का जागरूकता अभियान, नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

रक्सौल।(Vor desk)। अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रक्सौल द्वारा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम 47वीं वाहिनी के कमांडेंट संजय पाण्डेय के मार्गदर्शन में वाहिनी मुख्यालय सहित सभी बाह्य सीमा चौकियों पर आयोजित किया गया।

इस दौरान एसएसबी जवानों, नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) के जवानों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ शपथ ली और जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य, जैसे लिवर और फेफड़ों को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि मानसिक तनाव, आपराधिक गतिविधियों में वृद्धि और परिवारों के विघटन का भी प्रमुख कारण बनता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय एवं सभी बाह्य सीमा चौकियों के बलकर्मियों, एपीएफ नेपाल के जवानों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!