
रक्सौल/छौड़ादानो।(Vor desk)।
पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानो प्रखंड अंतर्गत जितपुर गांव की बेटी कुमारी पूजा कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर चयनित होकर अपने परिवार, गांव, क्षेत्र और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और युवाओं में उत्साह का संचार हुआ है।
कुमारी पूजा कुमारी, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में कार्यरत उमेश राम की पुत्री हैं। साधारण परिवार से आने वाली पूजा ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता को क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है।
पूजा कुमारी की इस उपलब्धि पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. शमीम अहमद ने जितपुर गांव पहुंचकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पूजा कुमारी और उनके परिजनों से शिष्टाचार मुलाकात कर उनकी सफलता की सराहना की।
पूर्व मंत्री डॉ. शमीम अहमद ने कहा कि पूजा कुमारी की सफलता पूरे पूर्वी चंपारण के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूजा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी तथा अपने कार्यों से नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी।
पूजा कुमारी की सफलता इस बात का प्रमाण है कि अथक परिश्रम, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
पूजा कुमारी के डीएसपी पद पर चयन से जितपुर गांव सहित पूरे छौड़ादानो प्रखंड में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने इसे पूरे पूर्वी चंपारण जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
