Sunday, June 14

विश्व रक्तदाता दिवस पर भारतीय महावाणिज्य दूतावास, वीरगंज में रक्तदान शिविर, भारत-नेपाल मैत्री और मानव सेवा का दिखा संदेश

वीरगंज। (Vor desk) विश्व रक्तदाता दिवस-2026 के अवसर पर नेपाल के वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास परिसर में रविवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानवता और जीवन रक्षा के संदेश “वन ड्रॉप ऑफ ह्यूमैनिटी, गिव ब्लड, सेव लाइव्स” के तहत आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।

भारतीय महावाणिज्य दूतावास, वीरगंज द्वारा आयोजित इस शिविर में नेपाल-भारत मैत्री संघ (निफा), पर्सा, नेपाल इनोवेटिव सोसाइटी, (वीरगंज), नेपाल रेडक्रॉस सोसाइटी (वीरगंज) तथा नेपाल यंग एंटरप्रेन्योर्स फोरम (एनवाईईएफ), वीरगंज का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। स्थानीय नागरिकों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर इस मानवीय अभियान को सफल बनाया।

इस अवसर पर नेपाल में भारत के महावाणिज्यदूत श्री देवी सहाय मीणा ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महावाणिज्यदूत श्री मीणा ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति समर्पित रक्तदाताओं का यह निःस्वार्थ योगदान मानव सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण है। रक्तदान केवल जीवन बचाने का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों का प्रतीक भी है।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और मानवीय संबंध केवल कूटनीतिक स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ऐसे सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम दोनों देशों के लोगों के बीच आत्मीयता और सहयोग की भावना को और मजबूत करते हैं।

भारतीय महावाणिज्य दूतावास के सूचना अधिकारी मनीष दास ने बताया कि यह पहल निःस्वार्थ सेवा और सामुदायिक सहयोग की भावना को प्रतिबिंबित करती है तथा लोगों के जीवन बचाने के प्रति दूतावास की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। दूतावास ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर मानवता और समाज कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने भारत-नेपाल मैत्री, सामाजिक सहयोग और मानवीय मूल्यों को नई मजबूती देने के साथ यह संदेश भी दिया कि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों के लिए नई उम्मीद बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!