
रक्सौल।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण के रक्सौल प्रखंड अंतर्गत भेलाही थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नरकटियागंज से आनंदीगंज जा रही दूल्हे की कार अचानक अनियंत्रित होकर त्रिवेणी नहर कैनाल में गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन भेलाही थाना पुलिस की तत्परता से दूल्हे समेत कार में सवार सभी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना पुराने एसएसबी कैंप के समीप की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार में जा रही कार अचानक चालक का नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। कार के पानी में गिरते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही भेलाही थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से नहर में गिरी कार के अंदर फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। हादसे में घायल दूल्हे समेत चारों लोगों को तुरंत इलाज के लिए रक्सौल स्थित एसआरपी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया गया।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की स्थिति सामान्य हो गई। इसके बाद दूल्हा समेत अन्य लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए आनंदीगंज रवाना हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भेलाही पुलिस की त्वरित कार्रवाई और राहत कार्य की सराहना की। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
