
रक्सौल।(Vor desk)। इंडो-नेपाल सीमा से सटे छौड़ादानो थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध की योजना बना रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक यूएसए निर्मित पिस्टल,दो स्क्रू ड्राइवर तथा एक बाइक बरामद की है। कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छौड़ादानो के जनता चौक पर कुछ युवक इकट्ठा होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही छौड़ादानो थानाध्यक्ष प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन संदिग्ध युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक यूएसए निर्मित पिस्टल बरामद हुई। इसके अलावा घटनास्थल से एक बाइक भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छौड़ादानो निवासी आकाश कुमार, सूरज कुमार, ऋतुराज कुमार और बिक्रम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और संभावित वारदात की योजना की जांच कर रही है।
छौड़ादानो थाना पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में मोतिहारी भेज दिया गया है।
