
रक्सौल।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानों थाना क्षेत्र स्थित सेमरहिया गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में क्रिकेट खेल रहे बच्चों पर अचानक आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और अफरा-तफरी का माहौल है।
मृतक की पहचान सेमरहिया गांव निवासी चंदन कुमार के रूप में हुई है। वह नवल शाह का पुत्र बताया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, चंदन अपने दोस्तों के साथ गांव के पास खेत में क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के साथ ठनका गिर पड़ा। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चंदन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ खेल रहा एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चे हबीबुल्लाह (पिता :अतीउल्लाह )को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर छौड़ादानों थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।वहीं,पूर्व मंत्री डा शमीम अहमद ने भी पहुंच कर जायजा लिया और सांत्वना देते हुए मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और घायल का समुचित इलाज कराने की मांग की।
छौड़ादानों थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ठनका गिरने से एक बच्चे की मौत हुई है तथा दूसरे घायल बच्चे का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
