
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल शहर के बैंक रोड स्थित पान मंडी में गुरुवार को नकली तंबाकू उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में कथित रूप से नकली ‘तुलसी 00’ सहित अन्य उत्पाद बरामद किए गए, जिससे इलाके के कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रजनीगंधा और तुलसी ब्रांड का निर्माण करने वाली कंपनी धर्मपाल सत्यपाल लिमिटेड (DS Group) को रक्सौल में नकली उत्पादों की बिक्री की लगातार गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर कंपनी के नोएडा कार्यालय से ब्रांड प्रोटेक्शन एवं विजिलेंस मैनेजर रामवतार सिंह रक्सौल पहुंचे। उन्होंने पान मंडी की विभिन्न दुकानों से तुलसी उत्पाद की खरीद कर उसकी जांच की। जांच में उत्पाद नकली पाए जाने के बाद इसकी सूचना रक्सौल थाना को दी गई।
सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस सह रक्सौल थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम के साथ पान मंडी में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान एक दुकान से ‘तुलसी 00’ के 8 ग्राम वाले 663 पाउच बरामद किए गए। इसके अलावा 50 ग्राम के दो टीन तथा साढ़े चार ग्राम वाले 72 पाउच भी जब्त किए गए। बरामद सभी उत्पादों को सीज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मामले में पान मंडी के एक थोक कारोबारी विनय कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली उत्पादों की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई के बाद पान मंडी समेत शहर के अन्य व्यापारिक क्षेत्रों में भी नकली उत्पादों के कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
