Wednesday, May 13

मक्के के खेत में नाबालिग से दरिंदगी का प्रयास, नशीली सुई चुभाकर किया बेसुध; नेपाली युवक गिरफ्तार

मोतिहारी/रक्सौल।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण जिले के महुअवा थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को हवस का शिकार बनाने की कोशिश की गई। दरिंदगी की नीयत से आए एक युवक ने मासूम को काबू में करने के लिए उसके पैर में नशीली सुई चुभा दी ताकि वह शोर न मचा सके। हालांकि, पीड़िता की हिम्मत और ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने घर के समीप स्थित बैठका (ग्वास) पर जलावन लेने गई थी। इसी दौरान मक्के के खेत में पहले से ही घात लगाकर छिपे युवक ने उसे दबोच लिया। आरोपी ने उसका मुंह बंद कर दिया और विरोध करने पर उसके पैर में नशीला इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के बाद वह उसे खींचकर मक्के के खेत के अंदर ले जाने लगा। इसी बीच किसी तरह खुद को हमलावर के चंगुल से छुड़ाकर मासूम भागते हुए अपने घर पहुँची और बदहवास स्थिति में परिजनों को पूरी बात बताई।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजन और पड़ोसी तुरंत खेत की ओर दौड़े और इलाके की घेराबंदी शुरू की। काफी मशक्कत के बाद मक्के के खेत में छिपे आरोपी को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान पड़ोसी देश नेपाल के बारा जिला अंतर्गत कवही थाना के हरदिया गांव निवासी मुन्ना मिया के रूप में हुई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना महुअवा थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुँचकर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया।
इस मामले में महुअवा थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित नाबालिग के दादा के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्ना मिया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में मोतिहारी जेल भेज दिया है। इधर, नशीली सुई के प्रभाव और सदमे के कारण नाबालिग की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। सीमावर्ती क्षेत्र में हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!