Thursday, April 23

रक्सौल नगर परिषद की वित्तीय छलांग: लक्ष्य से 38 लाख अधिक वसूला राजस्व, बनाया 118% की वसूली का कीर्तिमान

​रक्सौल।(Vor desk)। नगर परिषद रक्सौल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन पर राजस्व संग्रहण में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी के नेतृत्व, कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार के कुशल निर्देशन और प्रभारी टैक्स दरोगा हिमांशु रंजन के देख रेख में चलाए  गए अभियान में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। नगर परिषद ने होल्डिंग टैक्स सहित विभिन्न करों के माध्यम से  निर्धारित लक्ष्य को पार करते हुए सरकारी खज़ाने में लक्ष्य से कहीं अधिक राशि जमा करने की शानदार उपलब्धि दर्ज की है।

विशेष अभियान और ‘ऑन टाइम सेटलमेंट’ का रहा योगदान

वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, निकाय को इस वर्ष कुल 209.95 लाख रुपये का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध नगर परिषद ने 248.40 लाख रुपये की कुल वसूली कर 118.31 प्रतिशत की अभूतपूर्व उपलब्धि दर्ज की है।

​ राजस्व की इस रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि में ‘ऑन टाइम सेटलमेंट’  योजना और अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक चलाए गए विशेष वसूली अभियान की निर्णायक भूमिका रही। इस दौरान न केवल पुराने बकायेदारों को कर जमा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, बल्कि घर-घर जाकर सर्वेक्षण और शिविरों के माध्यम से करदाताओं की समस्याओं का मौके पर ही निष्पादन किया गया।नगर परिषद के सुविधा केंद्र के कारण भी कर संग्रह बढ़ा।

​आंकड़ों की जुबानी सफलता

 की कहानी

 निकाय द्वारा जारी पूर्ण वित्तीय रिपोर्ट के अनुसार, संपत्ति कर (होल्डिंग टैक्स) में 152.52 लाख के लक्ष्य के सापेक्ष 152.56 लाख (100.03%) की वसूली हुई। दुकान किराए में परिषद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8.28 लाख के लक्ष्य के विरुद्ध 9.64 लाख (116.43%) जुटाए। वहीं, 4प्रकार के सैरात बंदोबस्ती से 49.15 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 49.20 लाख (100.10%) प्राप्त हुए। इसके अलावा,ट्रेड  लाइसेंस ,नक्शा,टावर,जन्म मृत्यु और विज्ञापन जैसे अन्य स्रोतों से भी 37 लाख रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ, जिसने कुल आंकड़े को लक्ष्य के पार पहुँचाने में मदद की।

लक्ष्य से 38 लाख रुपये अधिक की वसूली

​रिपोर्ट के मुताबिक, नगर परिषद को कुल 209.95 लाख रुपये का वार्षिक लक्ष्य दिया गया था, जिसके मुकाबले परिषद ने 248.40 लाख रुपये की कुल प्राप्ति की है। यह कुल लक्ष्य का 118.31 प्रतिशत है। विशेषकर संपत्ति कर में शत-प्रतिशत सफलता और दुकान किराए में लक्ष्य से 16% अधिक की वसूली नगर परिषद की वित्तीय स्थिति के लिए शुभ संकेत है।

​विकास को मिलेगी नई गति 

इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने कहा कि शहर के विकास के लिए राजस्व का समय पर संग्रह होना अनिवार्य है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय करदाताओं के सहयोग और टैक्स विभाग की टीम की कड़ी मेहनत को दिया।

कर के रूप में प्राप्त यह राशि सीधे तौर पर रक्सौल के बुनियादी ढांचे, सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने में खर्च की जाएगी।

वहीं, टैक्स दरोगा हिमांशु रंजन ने कर दाताओं का आभार प्रकट करते हुए बताया कि मार्च महीने में चलाए गए विशेष शिविरों के कारण अंतिम समय में संग्रह में भारी उछाल देखने को मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!