
रक्सौल।(Vor desk)।
शहर के अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा के समक्ष मंगलवार को संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की जयंती विश्व ज्ञान दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। अंबेडकर ज्ञान मंच के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में केक काटकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रबुद्ध जनों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। प्रखर पत्रकार राजेश केशरीवाल ने अंबेडकर ज्ञान मंच के संस्थापक मुनेश राम को बाबा साहेब का तैल चित्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही मंच के केंद्रीय अध्यक्ष रविंद्र कुमार को भी फूलों की माला पहनाकर तथा नीला गमछा ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

इस मौके पर अनुयायियों और युवाओं को भी भीम पताका एवं नीला गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वहीं शहर के प्रबुद्ध नागरिकों—कपिल देव राय, जयप्रकाश नारायण यादव, महेंद्र ठाकुर, जगन राम एवं सज्जन पासवान को भी माला पहनाकर तथा भीम पताका देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर मिठाइयां बांटी गईं और एक-दूसरे को केक खिलाकर जयंती को उत्सव के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके ऐतिहासिक योगदानों को नमन किया और सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंत में राष्ट्र की ओर से बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित कर कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
