
रक्सौल। (VOR Desk)
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मंगलवार को सीमावर्ती शहर रक्सौल में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। शहर के अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा के समक्ष अंबेडकर ज्ञान मंच के तत्वावधान में आयोजित इस मुख्य समारोह में समाज के हर वर्ग की सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भव्य प्रभात फेरी से हुई, जिसका नेतृत्व मंच के केंद्रीय अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने किया। इस दौरान पूरे शहर का भ्रमण करते हुए लोगों ने बाबा साहेब के जयघोष किए और समाज को कुरीतियों से मुक्त करने का संदेश दिया।
प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के पश्चात आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंच के संस्थापक मुनेश राम ने बाबा साहेब के संघर्षों को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में संविधान की रचना कर शोषितों, पीड़ितों और वंचितों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार प्रदान किया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्तियों के उत्थान के लिए बाबा साहेब के योगदान की चर्चा की। मुनेश राम ने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे वंचित समुदाय के बच्चों और बालिकाओं को सरकारी विद्यालयों में भेजने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि शिक्षा ही आत्मनिर्भरता का एकमात्र मार्ग है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक समाज नशा मुक्त और पूरी तरह शिक्षित नहीं होगा, तब तक बाबा साहेब के सपनों का भारत साकार नहीं हो सकता।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रविंद्र कुमार के साथ ही युवा नेता सनी पटेल, शशांक शेखर, समाजवादी चिंतक जयप्रकाश नारायण यादव, कपिल देव राय, महेंद्र ठाकुर, चंद किशोर पाल और डॉ. गौतम कुमार जैसे वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। इस दौरान अंबेडकर चौक का वातावरण बाबा साहेब के प्रति कृतज्ञता के भाव से सराबोर रहा।
इस गरिमामयी अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें दीपक अग्निरथ, श्रेयांश गुप्ता उर्फ बिट्टू, राजेश केशरीवाल, भाग्यनारायण शाह, पूर्व प्रधानाध्यापक जगन राम, प्रबुद्ध समाजसेवी सज्जन पासवान, हृदेश चौरसिया, नगर अध्यक्ष पंकज पासवान, प्रकाश पासवान, छोटेलाल चौरसिया, कमलेश कुमार, पूजा कुमारी, ताराचंद राम, दिनेश राम, मुन्ना राम, प्रदीप कुमार, नुरूलाह खान, पूर्व प्रत्याशी रामबाबू यादव, डॉ. मनीष चौरसिया, पूर्णिमा भारती, रवि मस्करा, सोमेश्वर कुशवाहा और सुभाष यादव प्रमुख थे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर बाबा साहेब के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की।
