
रक्सौल (vor desk): पूर्वी चंपारण के सीमावर्ती इलाकों में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। 3 अप्रैल 2026 की देर रात, 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर नेपाल से भारत लाई जा रही 99.215 किलोग्राम गांजे की खेप बरामद की है। यह पूरी कार्रवाई नशामुक्त भारत अभियान और सीमावर्ती युवाओं को नशे की गर्त से बचाने के उद्देश्य से की गई।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि 47वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट संजय पाण्डेय को एक पुख्ता गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मनीष आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 309/33 के समीप मैत्री ब्रिज चेक पोस्ट पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान नेपाल की ओर से आ रही एक सफेद रंग की महिंद्रा XUV 500 कार (BR 03 PA 4477) को संदिग्ध मानकर रोका गया।

सघन तलाशी के दौरान कार के भीतर सीटों के नीचे और डिक्की में विशेष रूप से छिपाकर रखे गए 18 पैकेट बरामद हुए। लाल प्लास्टिक से लिपटे इन पैकेटों को खोलने पर उसमें से भारी मात्रा में गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 99.215 किलोग्राम मापा गया है। मौके से पुलिस ने वाहन चालक विवेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जो पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा थाना अंतर्गत मंझरिया गांव का निवासी बताया जा रहा है।
SDPO मनीष आनंद ने इस बड़ी सफलता की पुष्टि करते हुए बताया कि अभियुक्त के खिलाफ हरैया थाना में कांड संख्या 52/26 दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल छापेमारी दल में राजस्व अधिकारी अरविन्द कुमार, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान, परि०पु०अ०नि० मंजीत कुमार गोंड सहित SSB की 47वीं वाहिनी के जवान और सशस्त्र बल शामिल थे। SSB अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए उनकी प्रतिबद्धता जारी रहेगी और भविष्य में भी ऐसे सख्त अभियान चलाए जाएंगे।
