Thursday, April 23

नेपाल में भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई: पूर्व ऊर्जा मंत्री दीपक खड़का गिरफ्तार

काठमांडू ।(Vor desk)। नेपाल में सत्ता परिवर्तन के साथ ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध बालेन सरकार का कड़ा एक्शन शुरू हो गया है। इसी कड़ी में नेपाल पुलिस के केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो (CIB) ने रविवार सुबह नेपाली कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व ऊर्जा मंत्री दीपक खड़का को गिरफ्तार कर लिया है। खड़का की यह गिरफ्तारी मुख्य रूप से संपत्ति शुद्धीकरण (मनी लॉन्ड्रिंग) और जमीन कब्जाने के पुराने विवादों से जुड़ी बताई जा रही है।

​सीआईबी सूत्रों के अनुसार, दीपक खड़का लंबे समय से लैनचौर स्थित नेपाल स्काउट की सरकारी जमीन के विवाद में आरोपित थे। उन पर आरोप है कि उन्होंने स्काउट की भूमि का उपयोग किया लेकिन उसका करोड़ों रुपये का किराया नहीं चुकाया। इस मामले में नेपाल स्काउट ने उनके विरुद्ध 5 करोड़ 41 लाख रुपये की वसूली और जमीन खाली कराने के लिए राज्य व्यवस्था समिति से गुहार लगाई थी।

​खड़का का विवादों से पुराना नाता रहा है। हाल ही में हुए ‘जेन-जी’ आंदोलन के दौरान काठमांडू के बूढानीलकण्ठ स्थित उनके आवास पर प्रदर्शनकारियों ने आगजनी की थी। उस समय सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हुआ था जिसमें उनके जलते हुए घर से बड़ी मात्रा में नोट उड़ते हुए देखे गए थे। पुलिस ने उनके घर से जले हुए पैसों के अवशेष बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे थे, जिसके बाद से ही उन पर मनी लॉन्ड्रिंग का शिकंजा कसना शुरू हो गया था।

​राजनीतिक गलियारों में दीपक खड़का को पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा का बेहद करीबी और उनकी पत्नी डॉ. आरजू राणा का बिजनेस पार्टनर माना जाता है।काठमांडू के बूढानीलकण्ठ में उनका एक फाइभ स्टार रिसोर्ट भी चलता है जिसका मैनेजमेंट हॉलिडे इन ग्रुप करता है।इससे पिछले आम चुनाव में संखुवासभा से निर्वाचित हुए खड़का का कार्यकाल विवादों भरा रहा है। ऊर्जा मंत्री रहते हुए नेपाल विद्युत प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक कुलमान घिसिंग के साथ उनके मतभेद काफी चर्चा में रहे थे।

​प्रतिनिधि सभा चुनाव के बाद बालेन शाह के प्रधानमंत्री नियुक्त होने के महज दो दिनों के भीतर हुई इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी ने राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है। इस कार्रवाई को नई सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस खड़का से गहन पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में कुछ और बड़े नामों पर गाज गिर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!