
रक्सौल।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण जिले में अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर छोडादानो पुलिस ने थाना क्षेत्र के फतुहा गांव में छापेमारी कर दो शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए तस्करों के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखौरा थाना क्षेत्र के पूर्वारी टोला निवासी पप्पू कुमार और ब्रह्म टोला निवासी शिवकुमार साह के रूप में की गई है।
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस को पहले से ही इन तस्करों की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। रविवार को यह सूचना मिली कि दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर अग्नेयास्त्र की डिलीवरी देने के लिए निकले हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने फतुहा गांव के पास जाल बिछाया और घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में दोनों आरोपियों से लंबी पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान हथियार तस्करी के इस पूरे सिंडिकेट को लेकर कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों की खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे किसे सौंपा जाना था।
फिलहाल, पुलिस दोनों आरोपियों की पुरानी आपराधिक हिस्ट्री खंगाल रही है ताकि उनके संपर्कों और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक पूछताछ और कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
