Monday, March 16

नेपाल: मनोकामना दर्शन से लौट रही माइक्रो बस हादसे में मारे गए सभी 7 भारतीय तीर्थयात्री साउथ इंडिया के ,शव इंडियन एंबेसी को किया गया सुपुर्द,9घायलो का इलाज जारी!

रक्सौल।(Vor desk)। पड़ोसी देश नेपाल के गोरखा जिले में हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे में सात भारतीय तीर्थयात्रियों की जान चली गई।सभी मृतकों का शव पोस्टमार्टम के बाद भारतीय दूतावास को सौंप दिया गया है। शनिवार की देर शाम मनकामना मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रही एक इलेक्ट्रिक माइक्रो बस (बागमती प्रदेश 006 ख 8430) शहीद लखन ग्रामीण नगरपालिका-3 स्थित कनटार के समीप अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी थी।

​गोरखा जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब बस मनकामना मंदिर से तीर्थयात्रा पूरी कर लौट रही थी। बस में चालक और सह-चालक सहित कुल 16लोग सवार थे, जिनमें 11 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जिला पुलिस कार्यालय के प्रमुख भरत बहादुर विक ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर ही पाँच महिलाओं और दो पुरुषों ने दम तोड़ दिया। सभी मृतक दक्षिण भारतीय नागरिक थे।

मृतकों की पहचान:

मृतकों में मुतु कुमार (58), अनामलिक (58), मिनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयाल (57), मीणा (58) और तमिलारेशी (60) शामिल हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।ये सभी साउथ इंडियन हैं।

घायलों की सूची:

दुर्घटना में घायल सात अन्य भारतीय श्रद्धालुओं की पहचान सोरनम (62), मंगदा जलम (65), सुभद्रा (75), मायला (65), सरोजा (73), भाग्यलक्ष्मी (65) और मीनाक्षी (34) के रूप में हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, बस का चालक लमजुंग जिले के बेसीसहर नगरपालिका-1 निवासी 46 वर्षीय पुष्प मल्ल ठकुरी है, जो इस हादसे में सुरक्षित (सकुशल) है। वहीं, सह-चालक बेसीसहर नगरपालिका-3 निवासी 29 वर्षीय संतोष गुरुंग घायल है, जिसका इलाज चल रहा है।

सभी 9 घायलों को बीती रात ही बेहतर उपचार के लिए भरतपुर स्थित ‘कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज शिक्षण अस्पताल’ (पुराना मेडिकल कॉलेज) में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सुदीप केसी ने बताया कि घायलों में से पांच की हालत चिंताजनक है, जिन्हें गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में रखा गया है। इनमें से तीन मरीजों का उपचार न्यूरो सर्जरी आईसीयू और दो का जनरल सर्जरी आईसीयू में चल रहा है। 

​प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। अंदेशा जताया जा रहा है कि रात का समय होने और नए रूट की वजह से वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है। इस दुखद घटना से मृतक परिवारों और संबंधित क्षेत्रों में शोक की लहर है। पुलिस घायलों के बेहतर इलाज के लिए अस्पताल प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!