Monday, March 16

रक्सौल नगर परिषद उपचुनाव: मतदाता सूची विखंडन कार्य शुरू, 18 अधिकारियों व कर्मियों की टीम गठित

​रक्सौल।(Vor desk)।रक्सौल नगर परिषद में रिक्त मुख्य पार्षद के पद पर होने वाले उपचुनाव को लेकर प्रशासनिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा बीते 06 मार्च 2026 को जारी अधिसूचना के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पूर्वी चंपारण के निर्देशानुसार मतदाता सूची तैयार करने का कार्य पिछले 13 मार्च से विधिवत शुरू हो गया है।

​इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए रक्सौल अनुमंडल कार्यालय द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। 

 निर्वाचन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार द्वारा जारी ज्ञापांक 13 दिनांक 12.03.2026 के तहत वार्ड-वार मतदाता विखंडन का कार्य 21 मार्च 2026 तक किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य की निगरानी के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी जयप्रकाश, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी महेन्द्र प्रताप और प्रखंड आपूर्ति निरीक्षक गौरव कुमार को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

​इनके साथ सहयोग के लिए 15 सदस्यीय टीम को प्रतिनियुक्त किया गया है, जिनमें रक्सौल और आदापुर के सभी पंचायत सचिव , शिक्षक रामनारायण कुमार, अनुराग बिहारी, पंकज कुमार, दिपक कुमार सिंह, मो. अफताब आलम, मो. महताब आलम, दिलीप कुमार, मदन प्रसाद यादव,उर्दू सहायक अनुवादक मो. नईम,भूमि उप समाहर्ता विभाग के लिपिक वीरभूषण कुमार, आईटीआई सहायक राम प्रवेश प्रसाद, डीईओ सोनू कुमार सिंह, तथा कार्यपालक सहायक सोनू विश्वकर्मा और मो. रेहान अशरफ शामिल हैं।

​आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 15 से 28 अप्रैल तक नागरिक अपनी दावे और आपत्तियाँ दर्ज करा सकेंगे। पूरी प्रक्रिया के बाद 13 मई 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

​उल्लेखनीय है कि रक्सौल नगर परिषद में मुख्य पार्षद का पद भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग और अन्य गंभीर आरोपों के बाद निवर्तमान मुख्य पार्षद धुरपति देवी के पदमुक्त होने से रिक्त है। वर्तमान में पुष्पा देवी कार्यवाहक सभापति के रूप में कार्य देख रही हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर विकास एवं आवास विभाग के पत्रांक 2301 दिनांक 05.08.2025 के आलोक में अब इस सीट पर उपचुनाव कराने का निर्णय लिया है।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!