Saturday, March 14

नेपाल: गोरखा में मनोकामना मंदिर दर्शन से लौट रही माइक्रो बस दुर्घटनाग्रस्त, सात भारतीय तीर्थयात्रियों की दर्दनाक मौत

रक्सौल।(Vor desk)। पड़ोसी देश नेपाल के गोरखा जिले में शनिवार को हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे में सात भारतीय तीर्थयात्रियों की जान चली गई। मनोकामना मंदिर के दर्शन कर लौट रही एक इलेक्ट्रिक माइक्रो बस (बागमती प्रदेश 006 ख 8430) अनियंत्रित होकर शहीद लखन ग्रामीण नगरपालिका-3 स्थित कनटार के समीप सड़क से करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

​पुलिस निरीक्षक राजन लम्साल के अनुसार, बस में चालक और सह-चालक सहित कुल 16लोग सवार थे। हादसे में सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जो सभी भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं। वहीं, 9अन्य घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर भरतपुर मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि बस का चालक और सह-चालक नेपाली नागरिक हैं। जो वर्तमान में गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती बताए गए हैं।आशंका है कि ब्रेक फेल होने से दुर्घटना हुई। चालक को नए रूट पर वाहन चलाने के कारण सड़क की जानकारी नहीं थी,इससे हादसा हुआ।

​दुर्घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस अब घटना के वास्तविक कारणों की गहन जांच कर रही है और मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस दुखद घटना से मृतक परिवारों और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर है।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!