
रक्सौल।(Vor desk)। गुरुवार को बुनियाद केंद्र, रक्सौल में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का शुभारंभ बुनियाद केंद्र के प्रबंधक जिष्णु नाथ तिवारी और कॉमन सर्विस सेंटर के जिला प्रतिनिधि जटा शंकर प्रसाद द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
समेकित सेवा प्रदाता के रूप में विकसित होगा बुनियाद केंद्र
प्रबंधक जिष्णु नाथ तिवारी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बुनियाद केंद्र को एक ‘समेकित सेवा प्रदाता केंद्र’ के रूप में स्थापित करना है। इसके माध्यम से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा सीधे यहीं उपलब्ध होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज कल्याण की सूचीबद्ध सेवाओं के लिए आवेदन पूरी तरह से निशुल्क रहेगा, जबकि अन्य चुनिंदा सेवाओं के लिए न्यूनतम शुल्क निर्धारित किया गया है, ताकि जरूरतमंदों को कम से कम खर्च में सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
जल्द तैनात होंगे दो नए ऑपरेटर
कॉमन सर्विस सेंटर के जिला प्रतिनिधि जटा शंकर प्रसाद ने जानकारी दी कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बहुत जल्द केंद्र पर दो कुशल ऑपरेटरों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जिससे काम की गति और गुणवत्ता बनी रहे।
उद्घाटन अवसर पर उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान बुनियाद केंद्र की फिजियोथेरेपिस्ट डा इमराना खातून ,संजय कुमार के साथ-साथ कॉमन सर्विस सेंटर के अन्य कर्मी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
