
रक्सौल।(Vor desk)। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मनीष कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों की एक टीम ने रक्सौल स्थित विभिन्न एलपीजी गैस वितरकों के कार्यालयों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आपूर्ति व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण में शामिल अधिकारियों में रक्सौल के सहायक अनुमंडल पदाधिकारी (AdSO), रक्सौल और आदापुर के एमओ (MO) तथा रक्सौल थाना के प्रतिनिधि शामिल रहे।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि भारत गैस और एचपी गैस के बुकिंग सर्वर में किसी भी प्रकार की कोई तकनीकी समस्या नहीं है और इन कंपनियों द्वारा उपभोक्ताओं को सामान्य रूप से होम डिलीवरी की जा रही है। साथ ही, इन डिस्ट्रीब्यूटरों को प्लांट से सिलेंडर की आपूर्ति भी पूर्व की भांति ही हो रही है।
निरीक्षण में सबसे बड़ी समस्या इंडेन गैस वितरकों के स्तर पर सामने आई। अधिकारियों ने पाया कि इंडेन का बुकिंग सर्वर पिछले तीन दिनों से पूरी तरह से फेल है, जिसकी वजह से उपभोक्ताओं की बुकिंग नहीं हो पा रही है। एजेंसी प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में उनके पास मैनुअल बुकिंग का कोई प्रावधान नहीं है। इसके अलावा, इंडेन गैस की सप्लाई में भी करीब 20 प्रतिशत की कटौती देखी गई है। जानकारी के अनुसार, जहां पहले डिस्ट्रीब्यूटर को प्रतिदिन 600 सिलेंडर मिलते थे, वहीं अब आपूर्ति घटकर 450 सिलेंडर प्रतिदिन रह गई है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है ताकि उपभोक्ताओं को कम से कम असुविधा हो।
